दर्दनाक हादसा: बाइक-पिकअप की भिड़ंत में पिता सहित शिक्षक पुत्र की मौत

दर्दनाक हादसा: बाइक-पिकअप की भिड़ंत में पिता सहित शिक्षक पुत्र की मौत

एक शिक्षक गंभीर रूप से घायल

⚫ शिक्षक बेटा पिता को ले जा रहा था इलाज के लिए अस्पताल

⚫ ​अस्पताल में भर्ती, पुलिस जांच में जुटी

हरमुद्दा
​शुजालपुर, 31 अगस्त। शुजालपुर-आष्टा मार्ग पर सोमवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में पिता-पुत्र की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य शिक्षक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा तिलावद स्थित परम फिलिंग पेट्रोल पंप के सामने दोपहर करीब 12:30 बजे हुआ, जब एक तेज रफ्तार पिकअप वाहन और मोटरसाइकिल की आमने-सामने भिड़ंत हो गई।


​इलाज के लिए ले जाते समय हुआ हादसा

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, तिलावद के शासकीय स्कूल में पदस्थ शिक्षक अमर सिंह मालवीय अपने पिता जगन्नाथ मालवीय को इलाज कराने के लिए बाइक से शुजालपुर ले जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही अनियंत्रित पिकअप ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि अमर सिंह और उनके पिता जगन्नाथ मालवीय ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

सड़क से नीचे पलट गया पिकअप

हादसा इतना भयानक था कि बाइक के परखच्चे उड़ गए, वहीं टक्कर के बाद पिकअप वाहन भी अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतरकर पलट गया। दुर्घटना में सीहोर जिले के गवाखेड़ी निवासी शिक्षक विजेंद्र ठाकुर भी गंभीर रूप से घायल हो गए।

अस्पताल में भर्ती, पुलिस जांच में जुटी

घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को सीपीआर (CPR) देने का प्रयास किया गया, लेकिन पिता-पुत्र की सांसें थम चुकी थीं। गंभीर रूप से घायल शिक्षक विजेंद्र ठाकुर को तत्काल इलाज के लिए शुजालपुर सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है।