पुलिस कर्मियों की सुनी व्यथा : समस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं
⚫ पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने कहा
⚫ पुलिस लाईन परेड ग्राउंड पर हुई “जनरल परेड”
⚫ एसपी ने किया पुलिस लाइन में निरीक्षण
हरमुद्दा
रतलाम, 21 नवंबर। पुलिसकर्मियों का मनोबल बनाए रखना हमारी प्राथमिकता है। समस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पुलिसिंग में अनुशासन सर्वोच्च है। जनरल परेड पुलिसकर्मियों को शारीरिक रूप से फिट, तत्पर और कर्तव्यपरायण बनाए रखने का महत्वपूर्ण माध्यम है।

समस्या को सुनते हुए पुलिस अधीक्षक
यह बात पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने कहीं। शुक्रवार को पुलिस लाइन में आयोजित जनरल परेड में पुलिस अधीक्षक मौजूद थे। वहां पर समस्या समाधान शिविर का आयोजन किया गया जिसमें पुलिस कर्मचारियों ने समस्याएं रखी।मुख्य समस्याओं के निराकरणके लिए निर्देश दिए गए।
⚫ पुलिस लाइन में महिला बैरक का निर्माण
⚫ सभी थानों पर महिला शौचालय की व्यवस्था।
⚫ आवास संबंधी समस्याओं का शीघ्र निराकरण
⚫ पेट्रोल भत्ता, टी.ए./डी.ए. का समय पर भुगतान
⚫ पुलिस स्वास्थ्य सुरक्षा योजना के तहत उपचार में आ रही कठिनाइयों पर वरिष्ठ स्तर पर सुझाव भेजने के निर्देश दिए।
पुलिस लाइन पर हुआ जनरल परेड का आयोजन
पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में पुलिस लाईन स्थित परेड ग्राउंड पर भव्य जनरल परेड का आयोजन किया गया। परेड कमांडर रक्षित निरीक्षक मोहन भार्रावत के नेतृत्व में, परेड दल द्वारा पुलिस अधीक्षक को विधिवत सलामी दी गई।
पुलिसकर्मियों को किया सम्मानित
तत्पश्चात, पुलिस अधीक्षक द्वारा परेड का निरीक्षण किया गया। परेड में उपस्थित अधिकारियों/कर्मचारियों में से उत्कृष्ट वेशभूषा, अनुशासन एवं टर्न आउट प्रदर्शित करने वाले पुलिसकर्मियों को सम्मानित किया गया।
कार्यों को करें पूरा
पुलिस अधीक्षक ने रक्षित केंद्र पहुँचकर रोजनामचा, शस्त्र शाखा, वाहन शाखा, स्टोर शाखा का निरीक्षण किया तथा रिकॉर्ड संधारण और संसाधन प्रबंधन में और सुधार हेतु आवश्यक दिशा–निर्देश दिए। साथ ही पुलिस लाइन के आवासीय परिसर, निर्माण कार्य व सुधार कार्यों की प्रगति की समीक्षा कर त्वरित पूर्णता के निर्देश दिए गए।
Hemant Bhatt