सामाजिक सरोकार : कर्त्तव्य फाउंडेशन जरूरतमंदों के लिए निभा रहा है अपना कर्त्तव्य, रविवार को होगा वस्त्र वितरण

सामाजिक सरोकार : कर्त्तव्य फाउंडेशन जरूरतमंदों के लिए निभा रहा है अपना कर्त्तव्य, रविवार को होगा वस्त्र वितरण

दीपावली के पूर्व 11111 लड्डू का होगा वितरण बस्तियों में

⚫ 6 साल से समाज की सेवा में सक्रिय

⚫ फाउंडेशन चला रहा है विभिन्न प्रकल्प

⚫ आमजन का मिल रहा है उत्साह जनक सहयोग

हरमुद्दा
रतलाम, 11 अक्टूबर। शहर के जागरूक युवा कर्त्तव्य फाउंडेशन के माध्यम से जरूरतमंदों के लिए अपने कर्त्तव्य का निर्वहन उत्साह और उमंग के साथ कर रहे हैं। इतना ही नहीं फाउंडेशन को आमजन का अपार सहयोग मिल रहा है, जिसकी बदौलत वे जरूरतमंद के पास पहुंचकर उनकी जरूरत को पूरा करने में सक्षम हो रहे हैं। रविवार को वस्त्र वितरण का आयोजन होगा। दीपावली के पूर्व देशी घी के लड्डू का वितरण किया जाएगा।

फाउंडेशन के कर्त्तव्यनिष्ठ पत्रकार वार्ता में जानकारी देते हुए

पत्रकार वार्ता में फाउंडेशन के जय तलेरा, यश मित्तल, तनु बाफना और यश मूणत ने फाउंडेशन की कार्य प्रणाली से अवगत कराया। फाउंडेशन से जुड़े लोगों ने बताया कि 6 वर्ष से समाज सेवा में सक्रिय योगदान किया जा रहा है। मिशन घर की लक्ष्मी 6.0 का आयोजन 12 अक्टूबर रविवार को सैलाना रोड स्थित साक्षी पेट्रोल पंप के पास हीरा पैलेस में किया जा रहा है, सुबह 9:30 बजे से दोपहर लगभग 1:30 बजे तक जरूरतमंदों को वस्त्र का वितरण किया जाएगा। फाउंडेशन से जुड़े लगभग 100 कार्यकर्ताओं ने इसके लिए पूर्व में ही लगभग 6000 परिवारों को टोकन का वितरण कर दिया गया है।

एक आईशर भर के कपड़े हैं जिनका होगा वितरण

प्रश्न के जवाब में बताया कि हम स्कूल स्कूल में जाकर अपनी गतिविधियों के बारे में बताते हैं, जहां से हमें वस्त्र का सहयोग मिलता है। हर उम्र के महिला पुरुष, बच्चे-बच्चियों के कपड़े एकत्रित किए जाते हैं। उनकी छटनी होती है। कपड़ों को परखा जाता है कि कौन से कपड़े देने योग्य है। कौन से फेंकने के काबिल हैं इस तरह कपड़ों के उम्र के अनुसार उनके कार्टून बनाकर रखे जाते हैं। 30 किलो के करीब 150 कार्टून बनाए गए हैं एक आईशर भर के कपड़े हैं, जिनका वितरण होगा। ठंड में गर्म वस्त्र का भी वितरण किया जाता है।

जरूरतमंद दे रहे हैं समाज में उदाहरण ऐसा भी

खास बात यह भी है कि जरूरतमंद लोग भी जरूरत नहीं होती है तो कपड़े लेने से इनकार भी करते हैं। उनका कहना है कि जब चाहेंगे, तब हम ले लेंगे, ऐसा भी उदाहरण जरूरतमंद समाज में दे रहे हैं। ऐसा नहीं है कि मिल रहा है तो रख लो। जरूरतमंद लोगों का भी मानना है कि किन्ही और जरूरतमंदों को मिले तो बेहतर है, हम रख लेकर पटक देंगे। 

घर-घर पहुंचाएंगे उत्सव की मिठास

मिशन मिठास के तहत 11111 मोतीचूर के लड्डू जरूरतमंद परिवारों में वितरित किए जाएंगे ताकि हर घर तक त्यौहार की मिठास पहुंच सके। 

शादी पार्टी में बचा हुआ भोजन जरूरतमंदों को वितरित कर हुई शुरुआत

फाउंडेशन से जुड़े श्री तलेरा, श्री मित्तल, सुश्री बाफना एवं श्री मूणत ने बताया कि शुरुआत में शादी पार्टी में बचे हुए भोजन को व्यर्थ फेकने की बजाए जरूरतमंदों को वितरण करने से हुई। जरूरतमंद लोगों की बस्ती में जाकर भोजन सामग्री वितरण कार्य किया जो की निरंतर जारी है। किस से जहां भूख मिटाने का जतन हो रहा है वही खाद्य सामग्री को व्यर्थ नाली में बहने से रोका जा रहा है।

कई प्रकल्प समाज सेवा के

संस्था द्वारा कोविड के पहले से ही कार्य किया जा रहा है। कोविड के दौरान वैक्सीनेशन अभियान में फाउंडेशन द्वारा सक्रिय सहयोग किया गया। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों में राशन किट का वितरण भी किया गया। फाउंडेशन से जुड़े व्यक्तियों का कहना है कि इस कार्य में लगभग 100 से अधिक कार्यकर्ता जुड़ चुके हैं जो की स्वेच्छा से सेवा कार्य कर रहे हैं। इसके अलावा कई परिवार स्कूलों के माध्यम से जुड़े हैं। इन प्रकल्प के साथ ही प्लांटेशन ड्राइव, सामाजिक एकता मार्च एवं जन जागरूकता लाना भी है।। अनाथ बच्चों के साथ राष्ट्रीय पर्व एवं विशेष अवसर पर अनाथालय में कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं।

यह उपलब्धि

फाउंडेशन की उपलब्धि यह रही है कि सामाजिक सेवा में योगदान के लिए पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, पूर्व मंत्री ओपीएस भदोरिया एवं विधायक चैतन्य काश्यप द्वारा सम्मानित किया जा चुका है।