सेवानिवृत्त न्यायाधीश के यहां पर चोरों की तिकड़ी ने दिखाया कमाल, चंद मिनट में ले गए लाखों का माल
⚫ पूरी घटना हुई सीसीटीवी कैमरे में दर्ज
⚫ यदि उठ जाता बेटा तो कर देते वार
⚫ नहीं खुली नींद इसलिए बज गई जान
हरमुद्दा
इंदौर, 12 अगस्त। यहां पर सेवानिवृत्त न्यायाधीश के घर पर रविवार सोमवार की दरमियानी रात को चोरों की तिकड़ी ने कमाल दिखाया। चंद मिनट में लाखों रुपए का माल साफ कर दिया। खास बात यह रही कि जिस कमरे में चोरी हुई, वहां पर सीसीटीवी कैमरे में सारा मामला दर्ज हुआ। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मिली जानकारी के अनुसार प्रगति कॉलोनी निवासी सेवानिवृत्त न्यायाधीश रमेश गर्ग के बंगले में रविवार सोमवार की दरमियानी रात तीन चोर योजना बद्ध तरीके से घुसे। पहले ग्रिल की कटिंग की। श्री गर्ग के बेटे ऋत्विक के कमरे में घुसे। इस कमरे में सीसीटीवी कैमरा भी चल रहा था जिसमें सारी वारदात रिकॉर्ड हो गई।
नजर आए सीसी टीवी फुटेज में चोर
तीनों आरोपी लट्ठ, टॉमी और अन्य औजार लेकर अंदर आ गए। वे सीधे ऋत्विक के कमरे में पहुंचे, जबकि उनकी पत्नी, बहू और बच्चे दूसरे कमरे में सो रहे थे। सुबह जब ऋत्विक की पत्नी उठीं, तो कमरा अस्त-व्यस्त था, अलमारी खुली थी और नकदी व जेवर गायब थे।
अलार्म बजने के बाद भी नहीं खुली नींद
अलमारी का ताला टूटते ही घर में अलार्म बज उठा। मगर पलंग पर सोए ऋत्विक की नींद नहीं खुली। ऋत्विक के पास ही एक चोर डंडा लिए हुए खड़ा था जैसे ही वह उठता, उस पर हमला हो जाता। दूसरा चोर अलमारी से जेवरात निकल रहा था। चंद मिनट में तीन चोर नकदी और सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर निकल गए।
नहीं मिला कोई सुराग
चोरी की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घर और आसपास की बारीकी से तलाशी ली, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश कर रही है।
Hemant Bhatt