चौथी कक्षा में पढ़ने वाले लापता छात्र प्रियांशु का खंडहर में मिला शव, गांव में फैली सनसनी
⚫ गुरुवार शाम से था बालक लापता
⚫ पुलिस ने एक नाबालिग संदेही को लिया हिरासत में
हरमुद्दा
शाजापुर/कालापीपल, 17 जुलाई। शाजापुर जिले के कालापीपल तहसील के अंतर्गत आने वाले ग्राम नादनी में गुरुवार शाम से लापता 11 वर्षीय बालक प्रियांशु मेवाड़ा का शव शुक्रवार सुबह पावर ग्रिड के पीछे स्थित एक सुनसान खंडहर में मिला है। बालक की गला रेतकर निर्मम हत्या की गई है। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में सनसनी और भारी आक्रोश का माहौल है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, नादनी निवासी सुरेश मेवाड़ा, जो पेशे से खेती-मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं, उनका बेटा प्रियांशु कक्षा चौथी में पढ़ता है। गुरुवार शाम को इकलौता बेटा अचानक लापता हो गया था। परिजनों ने अपने स्तर पर उसकी काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कहीं कोई सुराग नहीं मिला। अपुष्ट जानकारी यह मिली है कि शाम को किसी व्यक्ति ने बालक से पाउच मंगवाया था। उसके बाद से वह लापता था।
खंडहर में मिला रक्तरंजित शव
शुक्रवार सुबह ग्रामीणों ने पावर ग्रिड के पीछे बने एक खंडहर नुमा मकान में बालक का लहुलुहान शव देखा। शव मिलने की खबर आग की तरह फैल गई और मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है। घटनास्थल पर एफएसएल की टीम को भी बुलाया गया ताकि बारीकी से साक्ष्य जुटाए जा सकें।
एक नाबालिग संदेही राउंडअप
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस प्रशासन तुरंत एक्शन में आया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए जांच शुरू की और संदेह के आधार पर एक नाबालिग को राउंडअप (हिरासत में) किया है। जिससे पूछताछ की जा रही है।
गांव में पसरा सन्नाटा
इस जघन्य हत्याकांड के बाद से नादनी गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है और पीड़ित परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीण जल्द से जल्द आरोपी को कड़ी सजा दिलाने की मांग कर रहे हैं।
होगी सख्त कार्रवाई
इस मामले में पुलिस का कहना है बालक का शव मिलने के बाद मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है। एक नाबालिग संदेही को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। जल्द ही हत्या के कारणों का खुलासा किया जाएगा और आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।"
Hemant Bhatt