शिक्षा सरोकार : ​डॉ. लक्ष्मीनारायण पाण्डेय शासकीय मेडिकल कॉलेज, रतलाम में संस्थागत एथिक्स समिति की हुई महत्वपूर्ण बैठक

शिक्षा सरोकार : ​डॉ. लक्ष्मीनारायण पाण्डेय शासकीय मेडिकल कॉलेज, रतलाम में संस्थागत एथिक्स समिति की हुई महत्वपूर्ण बैठक

⚫ ​संस्थापक अधिष्ठाता डॉ. संजय दीक्षित के अध्यक्ष मनोनीत होने से अनुसंधान को मिलेंगे नए आयाम

⚫ ​बैठक में 38 शोध प्रस्तावों पर हुआ गहन मंथन 

⚫ मरीजों के हित और उच्च नैतिक मानकों पर दिया गया जोर

⚫ ​"एक पेड़ माँ के नाम" अभियान के तहत परिसर में हुआ पौधारोपण

हरमुद्दा
​रतलाम, 18 जुलाई। डॉ. लक्ष्मीनारायण पाण्डेय शासकीय मेडिकल कॉलेज, रतलाम में चिकित्सा अनुसंधान की गुणवत्ता और नैतिक मानकों को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। कॉलेज के पूर्व संस्थापक अधिष्ठाता डॉ. संजय दीक्षित संस्थागत एथिक्स समिति की बैठक में बतौर अध्यक्ष सम्मिलित होने के लिए गुरुवार को रतलाम पहुंचे।

​चिकित्सा महाविद्यालय आगमन पर वर्तमान अधिष्ठाता डॉ. अनीता मुथा ने पौधा भेंट कर डॉ. दीक्षित का आत्मीय स्वागत किया।

​अनुसंधान की गुणवत्ता में होगी बढ़ोतरी

​इस गरिमामयी अवसर पर अधिष्ठाता डॉ. अनीता मुथा ने हर्ष व्यक्त करते हुए कहा ​"डॉ. दीक्षित के अध्यक्ष मनोनीत होने से हमारी एथिक्स कमेटी के कार्यों को नए आयाम मिलेंगे। उनके वृहद अनुभवों का लाभ सीधे तौर पर इस संस्थान के अनुसंधान (Research) की गुणवत्ता को बढ़ाने में मील का पत्थर साबित होगा।"

​मरीजों का हित और 'गुड क्लिनिकल प्रैक्टिस' हमारी प्राथमिकता: डॉ. दीक्षित

​बैठक को संबोधित करते हुए नवनियुक्त अध्यक्ष डॉ. संजय दीक्षित ने अनुसंधान के मानकों पर विशेष प्रकाश डाला। उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी शोधकर्ताओं के लिए गुड क्लिनिकल प्रैक्टिस (GCP) और ICMR एथिकल स्टैंडर्ड्स 2017 की गाइडलाइंस का कड़ाई से पालन करना अनिवार्य है। मरीजों के हितों और अधिकारों की रक्षा करते हुए उन्हें उच्च गुणवत्ता वाली चिकित्सा प्रदान करना ही हमारा सर्वोपरि उद्देश्य होना चाहिए।

​38 अनुसंधान प्रस्तावों पर 7 घंटे तक हुआ विस्तृत मंथन

​सुबह 11 बजे से शाम 6 बजे तक चली इस मैराथन बैठक में फैकल्टी, सीनियर रेजिडेंट्स एवं पोस्ट ग्रेजुएट (PG) स्टूडेंट्स के कुल 38 शोध प्रस्तावों पर विस्तृत चर्चा की गई। इनमें मेडिसिन, पीडियाट्रिक्स, कम्युनिटी मेडिसिन, पैथोलॉजी, माइक्रोबायोलॉजी, एनेस्थीसिया, और फॉरेंसिक मेडिसिन सहित विभिन्न विभागों के प्रस्ताव शामिल थे।

​उल्लेखनीय उपलब्धि

संस्थागत एथिक्स समिति द्वारा अब तक कुल 200 से अधिक अनुसंधानों को नियमों और एथिक्स के मानकों के पूर्ण पालन के साथ अनुमति प्रदान की जा चुकी है।

​पर्यावरण संरक्षण का संदेश: "एक पेड़ माँ के नाम"

​बैठक की सफलता के बाद, डॉ. दीक्षित ने मेडिकल कॉलेज परिसर में पर्यावरण चेतना का परिचय देते हुए "एक पेड़ माँ के नाम" अभियान के अंतर्गत पौधारोपण किया। इस दौरान उपस्थित सभी वरिष्ठ चिकित्सकों और गणमान्य नागरिकों ने पर्यावरण संरक्षण और परिसर को हरा-भरा  बनाने का संकल्प लेते हुए समाज को अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने का संदेश दिया।

​यह रहे उपस्थित

​महत्वपूर्ण बैठक और पौधारोपण कार्यक्रम में उपाध्यक्ष प्रो. डॉ. वास्तोष्पति शास्त्री, सचिव डॉ. जगदीश हुंडकारी, सह सचिव डॉ. ध्रुवेन्द्र पाण्डेय, अधीक्षक डॉ. प्रदीप मिश्रा, डॉ. प्रफुल्ल सोनगरा, गोविंद काकाणी, नीरज बरमेचा, डॉ. रंजिता अस्के, डॉ. प्रीति कोरी, डॉ. मोहित कुल्मी, डॉ. स्मृति पाण्डेय सहित समिति के अन्य सदस्य एवं गणमान्य जन उपस्थित रहे।