ज्ञान विज्ञान : इंस्पायर अवार्ड चयन के मान से प्रदेश में दूसरे और स्कूलों के प्रतिशत के मान से प्रथम स्थान पर रहा था रतलाम जिला
⚫ इंस्पायर अवार्ड मानक योजना अंतर्गत सत्र 2025-26चयनित अवॉर्डी सूची जारी
⚫ 1078 स्कूल के विद्यार्थियों ने अपलोड किए थे 4669 आइडियाज
⚫ पहले स्थान पर छिंदवाड़ा जिला रहा
हरमुद्दा
रतलाम, 2 मार्च। इंस्पायर अवार्ड मानक योजना अंतर्गत सत्र 2025-26 में ऑनलाइन आइडिया अपलोड करने में 1078 स्कूलों के प्रतिभावान विद्यार्थियों ने 4669 आइडिया अपलोड करके प्रदेश में तीसरा स्थान प्राप्त किया था किंतु अवार्ड चयनके मामले में 79 अवॉर्डी के साथ रतलाम जिला दूसरे स्थान पर काबिज हुआ।

जिला विज्ञान अधिकारी सह योजना अधिकारी जितेंद्र जोशी ने हरमुद्दा को बताया कि जिले के सभी 70 संकुलों के शत प्रतिशत विद्यालयों से आइडिया अपलोड हुए और प्रतिशत के मान से जिले को प्रदेश में पहला स्थान मिला था वहीं देश में 43वां स्थान हासिल किया था।
सतना रहा तीसरे स्थान पर
नेशनल इनोवेशन फाउंडेशन, अहमदाबाद द्वारा प्रदेश भर के सभी जिलों से कुल 1421 विद्यार्थियों को अवॉर्ड के लिए चयनित किया है।जिसमें प्रथम छिंदवाड़ा के 256, द्वितीय स्थान पर रतलाम जिले से 79, तृतीय स्थान पर सतना के 73 अवॉर्डी विद्यार्थियों का चयन हुआ है।
79 बाल वैज्ञानिकों का हुआ चयन
आलोट के 16 ,बाजना के 10, जावरा के 14 ,पिपलोदा के 8, रतलाम के 29 सैलाना के 2, इस प्रकार रतलाम जिले से कुल 79 बाल वैज्ञानिकों का चयन जिला स्तरीय इंस्पायर प्रोजेक्ट प्रदर्शनी के लिए हुआ है।इन सभी चयनित विद्यार्थियों के खाते में ₹10000 की राशि जमा होगी। ये बाल वैज्ञानिक अपने नवाचारी विचार को प्रोजेक्ट के माध्यम से जिला स्तरीय प्रतियोगिता में प्रदर्शित करेंगे।
सभी की मेहनत का परिणाम : जिला शिक्षा अधिकारी
जिला शिक्षा अधिकारी एवं इंस्पायर नोडल अधिकारी अनिता सागर ने बताया कि ब्लॉक और संकुलों में नियुक्त विज्ञान शिक्षकों की मेहनत का परिणाम 79 अवॉर्डी नवाचारी बाल वैज्ञानिकों के चयन के रूप में परिणीत हुआ हैं। सभी अवॉर्डी बाल वैज्ञानिको को बधाई देते हुए जिला स्तरीय इंस्पायर अवार्ड प्रोजेक्ट कॉम्पिटिशन में अपने नवाचारी विचार को प्रभावी प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दी । सहायक संचालक राहुल मंडलोई, सहायक नोडल अधिकारी एडीपीसी अशोक लोढ़ा, सहायक विज्ञान अधिकारी स्वतंत्र क्षोत्रिय, आई टी समन्वयक मुकेश ठन्ना , डीवीसी योगेश पाल ने इस उपलब्धि पर सभी विज्ञान शिक्षकों और विद्यार्थियों को हर्ष के साथ शुभकामनाएं प्रेषित की है।
Hemant Bhatt