सामाजिक सरोकार : श्री राम स्नेही संप्रदाय के आद्याचार्य श्री श्री 1008 श्री रामचरण जी महाराज का मनाया प्राकट्य उत्सव
⚫ निकली भव्य शोभायात्रा, पालकी यात्रा, कलश यात्रा, हुई गौ सेवा
हरमुद्दा
रतलाम, 1 फरवरी। श्री राम स्नेही संप्रदाय के आद्याचार्य, परम पूज्यनीय श्री श्री 1008 श्री रामचरण जी महाराज के 307वें पावन प्राकट्य उत्सव विजयवर्गीय वैश्य समाज रतलाम के तत्वावधान में धार्मिक, सांस्कृतिक एवं सामाजिक गतिविधियों का भव्य आयोजन किया गया।

विजयवर्गीय वैश्य समाज के अध्यक्ष रत्नेश विजयवर्गीय ने बताया कि कार्यक्रम का शुभारंभ त्रिपोलिया गेट स्थित रामद्वारा में पूजा-अर्चना एवं रामनाम जप महाआरती से हुआ। इसके पश्चात श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ पालकी यात्रा, कलश यात्रा एवं शोभायात्रा निकाली गई। संत श्री को पालकी में विराजमान कर रामनाम के जयघोष एवं गाजे-बाजे के साथ नगर भ्रमण कराया गया। शोभायात्रा में समाजजनों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई।

विजेताओं को किया सम्मानित
बरवड़ श्री हनुमान मंदिर परिसर, सैलाना रोड, रतलाम में गौ पूजन एवं गौ सेवा का आयोजन किया गया, जहाँ गौशाला में गौ माता की सेवा कर समाजजनों ने धर्म और करुणा का संदेश दिया। इसके पश्चात खेलकूद एवं मनोरंजन गतिविधियों जैसे मटकी फोड़, बैलून गेम, पत्तल गेम आदि का आयोजन किया गया, जिसमें विजेताओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के अंतर्गत सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ, भजन-कीर्तन एवं सामाजिक गतिविधियाँ आयोजित की गईं तथा रामनाम बैंक की पुस्तकों का वितरण भी किया गया। रामद्वारा के संत श्री का समाजजनों द्वारा सम्मान किया गया।
यह थे अतिथि
इस अवसर पर मुख्य अतिथि संत रामजी महाराज श्री रामरतन जी, रेलवे में डीएमआई पंकज विजयवर्गीय, कार्यक्रम की अध्यक्षता महिला मंडल अध्यक्ष श्रद्वा विजयवर्गीय, विशेष अतिथि राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य तनुज विजयवर्गीय, राष्ट्रीय समिति सदस्य रामजस विजयवर्गीय, राष्ट्रीय समाज कल्याण केबिनेट सदस्य सुरेखा विजयवर्गीय सहित समाज के गणमान्यजन, मातृशक्ति, युवा वर्ग एवं श्रद्धालुजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। संचालन विजयवर्गीय वैश्य समाज के अध्यक्ष श्री विजयवर्गीय द्वारा किया गया। आभार शंशाक विजयवर्गीय ने माना।
Hemant Bhatt