कार्रवाई : आश्रम में होटल का संचालन, चला बुलडोजर

कार्रवाई : आश्रम में होटल का संचालन, चला बुलडोजर

स्थाई निर्माण की मिली थी सूची

⚫ सुविधा के लिए कई क्षेत्रों में हुई तोड़फोड़

हरमुद्दा
उज्जैन, 25 फरवरी। सिंहस्थ 2028 की तैयारियों को लेकर नगर निगम ने बुधवार को स्थाई निर्माण हटाने की कार्रवाई की। आश्रम पर भी बुलडोजर चलाया गया। यहां पर होटल का संचालन किया जा रहा था। सूची के अनुसार कार्रवाई की गई। कई क्षेत्रों के अतिक्रमण ध्वस्त किए गए।


मिली जानकारी के अनुसार सिंहस्थ मेले में साधू-संतों के डेरे और पार्किंग सुविधा के लिए अतिक्रमण हटाया जा रहा है। नर्मदा घाट पर बने शंकराचार्य मठ में पुण्यानंद गिरी महाराज के आश्रम में भी अतिक्रमण विरोधी कार्रवाई की गई। आश्रम में 54 कमरे हैं जिनमें से कई AC और कई नॉन AC हैं। प्रशासन के अनुसार भवन के अंदर होटल का संचालन अवैध रूप से किया जा रहा था। नरसिंह घाट रोड पर बने माधवानंद आश्रम और कलोता समाज की धमर्शाला के खिलाफ भी अतिक्रमण विरोधी कार्रवाई की गई। नगर निगम की टीम ने आसपास के क्षेत्रों में बने और भी अवैध निर्माण ध्वस्त किए हैं।

स्थाई निर्माण की अनुमति नहीं

सिंहस्थ क्षेत्र 180 हेक्टेयर में फैला है। इस क्षेत्र में स्थायी निर्माण की अनुमति नहीं है। साल 2016 के बाद बने सभी स्थायी निर्माण को चिह्नित कर हटाया जा रहा है। 

सूची के अनुसार कार्रवाई

जिला प्राशासन ने अवैध निर्माण की सूची मिली थी। सिंहस्थ मेले में व्यवस्था बनाए रखने के लिए अवैध निर्माण हटाया जा रहा है।

संतोष टैगोर, अपर आयुक्त