चलती ट्रेन से उतरने के प्रयास में बुजुर्ग यात्री हादसे का शिकार

चलती ट्रेन से उतरने के प्रयास में बुजुर्ग यात्री हादसे का शिकार

घटना होते ही गार्ड ने तुरंत इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन को रोका

⚫ आरपीएफ व रेलवे स्टाफ ने बचाई जान

हरमुद्दा
​रतलाम, 3 सितंबर। चलती ट्रेन में चढ़ना या उतरना कितना जानलेवा हो सकता है, इसका एक उदाहरण 02 सितंबर को दाहोद स्टेशन पर देखने को मिला। रतलाम से दाहोद पहुंचे 70 वर्षीय बुजुर्ग यात्री चलती ट्रेन से उतरने के दौरान संतुलन बिगड़ने से नीचे गिर गए। रेल कर्मचारियों की त्वरित सूझबूझ से यात्री की जान बचा ली गई।


जानकारी के अनुसार, रतलाम–दाहोद मेमू ट्रेन दोपहर लगभग 11:23 बजे दाहोद स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 02 पर पहुंची थी। दो मिनट के निर्धारित ठहराव के बाद ट्रेन दाहोद–आनंद मेमू (गाड़ी संख्या 69190) बनकर रवाना हुई। इसी दौरान एक यात्री ने चलती ट्रेन से उतरने का प्रयास किया और अनियंत्रित होकर पटरी व प्लेटफॉर्म के बीच गिर गया।

​तत्परता से बची जान, भेजा अस्पताल

घटना होते ही गार्ड ने तुरंत इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन को रोका। प्लेटफॉर्म पर तैनात महिला कांस्टेबल अनिता, ऑन-ड्यूटी टीसी जितेश, पॉइंट्समैन चंदू भाई और दाहोद जीआरपी स्टाफ ने बिना समय गंवाए मौके पर पहुंचकर यात्री को सुरक्षित बाहर निकाला। हादसे में यात्री के दाहिने हाथ और शरीर पर गंभीर चोटें आई थीं। स्टेशन मास्टर ने तुरंत एंबुलेंस बुलाकर घायल को स्ट्रेचर से जाइडस अस्पताल, दाहोद भिजवाया।

​रतलाम जिले के बिरमावल का निवासी हैं घायल यात्री

घायल यात्री की पहचान रतलाम तहसील के ग्राम बिरमावल निवासी दयाराम पाटीदार (70 वर्ष) के रूप में हुई है। उनके पुत्र जगदीश पाटीदार ने बताया कि वे दोनों सामान्य टिकट लेकर रतलाम से दाहोद की यात्रा कर रहे थे।