रतलाम में टला बड़ा रेल हादसा: नशे में धुत गेटमैन की लापरवाही से ट्रैक पर फंसी कार

रतलाम में टला बड़ा रेल हादसा: नशे में धुत गेटमैन की लापरवाही से ट्रैक पर फंसी कार

⚫ स्पेशल ट्रेन ने मारी जोरदार टक्कर

हरमुद्दा
​रतलाम, 16 अक्टूबर। जिले के सेजावता बायपास रेलवे फाटक पर गुरुवार रात एक बड़ा रेल हादसा होते-होते टल गया। फाटक बंद न होने के कारण ट्रैक के बीचों-बीच फंसी एक कार को वलसाड-हिसार स्पेशल ट्रेन ने जोरदार टक्कर मार दी। गनीमत यह रही कि कार सवार युवक समय रहते बाहर निकल आए, जिससे बड़ा जनहानि संकट टल गया। काफी हार्न बजाने के बाद कार को टक्कर मारने के बाद आगे जाकर ट्रेन भी रुक गई। 

​घटना का विवरण

⚫ ​समय: गुरुवार रात करीब 10:00 बजे

⚫ ​स्थान: सेजावता बायपास रेलवे फाटक, रतलाम

⚫ ​वाहन: एमजी हेक्टर कार (गुजरात पासिंग - GJ 15 CK 0369)

⚫ ​ट्रेन: वलसाड - हिसार स्पेशल हॉलिडे ट्रेन (गाड़ी संख्या 04728)

​प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार जब फाटक पार कर रही थी, तभी ट्रेन आ गई और कार ट्रैक पर ही फंस गई। हालांकि, कार में सवार चारों युवक तुरंत बाहर निकलने में सफल रहे, जिससे उनकी जान बच गई। कुछ ही पलों में ट्रेन ने कार को टक्कर मार दी। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

​शराब के नशे में था गेटमैन!

​प्रारंभिक जांच और सूत्रों के दावों के मुताबिक, यह भीषण हादसा गेटमैन की बड़ी लापरवाही का नतीजा था। घटना के वक्त फाटक बंद करने वाला गेटमैन शराब के नशे में धुत बताया जा रहा है, जिसके कारण वह समय पर फाटक नहीं गिरा पाया और वाहन सीधे रेलवे ट्रैक के बीच जा फंसा।

​रेल यातायात और रेस्क्यू ऑपरेशन

​यातायात पर असर: हादसे और रेस्क्यू के चलते रेल यातायात बाधित हुआ। इस दौरान पैसेंजर ट्रेन (गाड़ी संख्या 19712) भी ट्रैक पर अटकी रही, जिसे रात करीब 11:40 बजे आगे के लिए रवाना किया गया।

​रेस्क्यू: रेलवे की रेस्क्यू टीम ने तत्परता दिखाते हुए करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद दुर्घटनाग्रस्त वाहन को ट्रैक से हटाया और रेल संचालन सुचारू किया। मंडल रेल प्रबंधक अश्वनी कुमार ने मामले की गंभीरता को संज्ञान में लेते हुए तुरंत जांच के आदेश दे दिए हैं।
​