यूको बैंक FD घोटाला: थाना माणकचौक पुलिस की बड़ी कामयाबी, ग्राहकों के पैसों से ऐश करने वाले 7 आरोपी गिरफ्तार
⚫ राहुल, रवि, दिनेश, जितेंद्र, मुकेश, त्रिलोक, अरुण को किया गिरफ्तार
हरमुद्दा
रतलाम, 7 जुलाई। बैंक ग्राहकों के विश्वास पर डाका डालकर उनकी फिक्स डिपॉजिट (FD) को धोखाधड़ी से तोड़ने वाले एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश करते हुए रतलाम की माणकचौक थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी बैंक कर्मचारी सहित कुल 7 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।

मोबाईल एप से तोड़ी FD, खुद के और परिचितों के खातों में ट्रांसफर किए पैसे
मामले का खुलासा तब हुआ जब 30 जून 2026 को फरियादी दिनेश बंजारा ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। फरियादी ने बताया कि यूको बैंक (लक्कड़पीठा रोड शाखा, रतलाम) के आउटसोर्स कर्मचारी राहुल राठौर ने एक सोची-समझी साजिश के तहत उनके और अन्य कई लोगों के फिक्स डिपॉजिट (FD) खातों को मोबाइल ऐप के माध्यम से अवैध रूप से तोड़ दिया। इसके बाद आरोपी ने FD की पूरी राशि चालाकी से खुद के खाते में ट्रांसफर कर ली और कुछ रकम अपने परिचितों के खातों में भेजकर अवैध लाभ कमाया। फरियादी की रिपोर्ट पर थाना माणकचौक में अपराध क्रमांक 266/26, धारा 318(4) बीएनएस (BNS) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
थाना प्रभारी के नेतृत्व में विशेष टीम ने दबोचा
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देशन में थाना प्रभारी माणकचौक निरीक्षक विक्रमसिंह चौहान के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और बैंक रिकॉर्ड्स को खंगालते हुए जाल बिछाया और धोखाधड़ी व आपराधिक षड्यंत्र में शामिल मुख्य आरोपी समेत सभी 7 आरोपियों को धरदबोचा।
सलाखों के पीछे पहुंचे ये आरोपी
⚫ राहुल राठौर पिता मांगीलाल राठौर (निवासी: 232/10 त्रिमूर्ती नगर, साक्षी पंप के सामने, रतलाम) मुख्य आरोपी व बैंक आउटसोर्स कर्मचारी।
⚫ रवि पिता पूनमचंद कुमावत (उम्र 24 साल, निवासी: वार्ड नं. 03, राम मंदिर के पास, ग्राम उमरन, जिला रतलाम)
⚫ दिनेश पिता भेरुलाल राव (उम्र 47 साल, निवासी: गली नं. 02, धीरजशाह नगर, रतलाम)
⚫ अरुण पिता इन्दरमल जैन (उम्र 38 साल, निवासी: सन्त नगर, रतलाम)
⚫ जितेन्द्र पिता गोविन्द कुमावत (उम्र 26 साल, निवासी: राम मंदिर के पास, ग्राम उमरन, जिला रतलाम)
⚫ त्रिलोक पिता सीताराम झा (उम्र 37 साल, निवासी: ग्राम सुरवी, जिला मधुबनी, बिहार; हाल मुकाम: मिडटाउन कालोनी, रतलाम)
⚫ मुकेश पिता शंकरलाल राठौर (निवासी: सिद्धार्थ नगर, रतलाम)
पर्सनल डेटा को लेकर अलर्ट रहे आमजन
डिजिटल बैंकिंग के इस दौर में अपने बैंक खातों, ओटीपी (OTP) और पर्सनल डेटा को लेकर सतर्क रहें। माणकचौक पुलिस फिलहाल आरोपियों से पूछताछ कर रही है, जिससे इस घोटाले में कुछ और बड़े खुलासे होने की उम्मीद है।
Hemant Bhatt