मामला हाई-प्रोफाइल परिवार से जुड़ा : बागेश्वर धाम प्रमुख धीरेंद्र शास्त्री के भाई पर फायरिंग का आरोप
⚫ ज़मीनी रंजिश में वारदात की आशंका
⚫ घायल व्यक्ति का चल रहा है अस्पताल में उपचार
⚫ पुलिस जुटी मामले की जांच में
हरमुद्दा
छतरपुर, 14 जुलाई। बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के छोटे भाई शालिग्राम गर्ग एक बार फिर विवादों में हैं। ताज़ा मामले में शालिग्राम गर्ग पर मोतीलाल कुशवाहा नामक युवक पर कई राउंड फायरिंग करने का गंभीर आरोप लगा है। गोलीबारी में घायल युवक को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ उसका उपचार जारी है। पुलिस ने मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, यह पूरा विवाद ज़मीन के एक टुकड़े को लेकर चल रहा था। दोनों पक्षों के बीच पहले भी इस बात को लेकर तनातनी की खबरें थीं। प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय सूत्रों का दावा है कि विवाद के दौरान अचानक स्थिति बिगड़ी और शालिग्राम गर्ग ने मोतीलाल कुशवाहा पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। गोलीबारी की इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया है।
जिला अस्पताल में चल रहा इलाज
घायल मोतीलाल कुशवाहा को परिजन तत्काल छतरपुर जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उनका उपचार जारी है। डॉक्टरों के अनुसार उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। पीड़ित के भाई का आरोप है कि शालिग्राम गर्ग अपने कई साथियों के साथ मौके पर पहुंचे और अचानक हमला कर दिया। उनका कहना है कि इस हमले में मोतीलाल गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्रशासन बरत रहा सतर्कता
मामला हाई-प्रोफाइल परिवार से जुड़ा हुआ है, इसलिए प्रशासन बेहद सतर्कता बरत रहा है। अस्पताल और घटनास्थल के आस-पास सुरक्षा बढ़ा दी गई है ताकि किसी भी तरह की कानून-व्यवस्था की स्थिति न बिगड़े। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि फायरिंग में इस्तेमाल किया गया हथियार लाइसेंसधारी था या अवैध।
पहले भी लग चुके हैं आरोप
यह पहला मामला नहीं है, जब शालिग्राम गर्ग का नाम किसी विवाद में सामने आया हो। इससे पहले भी उन पर कई गंभीर आरोप लग चुके हैं। टोल प्लाजा पर मारपीट, एक दलित युवती की शादी में हंगामा, गांव के अन्य परिवारों के साथ मारपीट और गाली-गलौज जैसे आरोप लगे हैं।
कर रहे हैं जांच
मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। घायल की चिकित्सकीय रिपोर्ट, एक्स-रे, चोटों का परीक्षण तथा घटनास्थल से मिले हथियारों या उनके अवशेषों की जांच के बाद तथ्यों के आधार पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
⚫ रजत सकलेचा, एसपी, छतरपुर
Hemant Bhatt