आशंका और सनसनी : बाबा के स्थान के पास मिला युवक का सिर, धड़ था कुछ दूरी पर

आशंका और सनसनी : बाबा के स्थान के पास मिला युवक का सिर, धड़ था कुछ दूरी पर

सूचना मिलते ही पुलिस पहुंची मौके पर

⚫ जताई नरबलि की आशंका

⚫ पुलिस कर रही है हर एंगल से जांच

हरमुद्दा
टीकमगढ़, 6 जुलाई। जिले के पुलिस थाना चंदेरा के अंतर्गत आने वाले विजयपुर गांव के पास गोड़बाबा के स्थान पर एक व्यक्ति का कटा हुआ सिर मिला। कुछ दूरी धड़ मिला है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची है। पुलिस ने नरबलि की आशंका व्यक्त की है। इस घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।


पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार रविवार सुबह करीब 10 बजे पुलिस को सूचना मिली थी और पुलिस मौके पर पहुंची है।
जिस स्थान पर व्यक्ति का कटा सिर मिला है, उस व्यक्ति का धड़ अलग जगह था। सिर के पास झंडा, नींबू, नारियल, अगरबत्ती और चिलम मिली है। उन्होंने कहा कि पुलिस पहले पंचनामा की कार्रवाई करेगी और  शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। एफएसएल टीम मौके पर जांच कर रही है।

जहां पर सिर काट कर रखा वहां पर गोड़बाबा का चबूतरा

जतारा एसडीओपी अभिषेक गौतम ने बताया कि जहां पर व्यक्ति का सिर काटा गया है, वहां पर गोडबाबा का चबूतरा है और प्रथम जांच में यह स्पष्ट हो रहा है कि व्यक्ति की नरबलि दी गई है। उन्होंने बताया कि मृतक टीकमगढ़ जिले के सतगुवा गांव का रहने वाला अखिलेश कुशवाहा है, जिसकी उम्र 32 वर्ष के आसपास है।

पुलिस कर रही हर एंगल से जांच

टीकमगढ़ जिले के एफएसएल अधिकारी डॉ. प्रदीप यादव बताया कि प्रथमदृष्टया मामला नरबलि का है, क्योंकि घटनास्थल के साथ साक्ष्य इशारा कर रहे हैं, जहां पर उसका कटा हुआ सिर मिला है। सिर के पास पूजन सामग्री भी थी। पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है और इस मामले में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया जा रहा है।