सेहत सरोकार : आदिवासी अंचल में हाई रिस्क गर्भवती की जान बचाई, परिवार की खुशी से आंख भर आई
सेहत सरोकार : आदिवासी अंचल में हाई रिस्क गर्भवती की जान बचाई, परिवार की खुशी से आंख भर आई
⚫ प्रसव के पूर्व था 4.8 ग्राम हीमोग्लोबिन
⚫ स्वास्थ्य विभाग की सजगता से जच्चा बच्चा दोनों स्वस्थ
हरमुद्दा
रतलाम, 13 सितंबर। जिले के जनजातीय बाहुल्य ब्लॉक बाजना के रावटी क्षेत्र के आयुष्मान आरोग्य मंदिर ग्राम भैंतीया में उच्च जोखिम वाली गर्भवती माता की जान बचाने में उल्लेखनीय सफलता मिली है। परिवार की खुशी से आंख भर आई।

उच्च जोखिम गर्भवती माता गंभीर रक्त अल्पता से पीड़ित महिला वैशा गुड्डी भूरिया निवासी भेतीया का टीकाकरण सत्र दौरान सीएचओ ओमप्रकाश पाटीदार द्वारा गर्भवती की तीसरी जाँच के दौरान परीक्षण किया गया था। परीक्षण में महिला मध्यम एनीमिया ग्रस्त पाई गई थी । जिसको प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रावटी पर पुनः जाँच व संस्था आधारित जाँच के लिए भेजा गया, जहाँ ड्यूटी डॉ. दिनेश कुमार चौधरी मेडिकल ऑफिसर रावटी द्वारा जाँच करवाकर आयरन सुक्रोस का पहला डोज़ प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रावटी पर लगाया गया व शेष 4 डोज़ सीएचओ पाटीदार द्वारा लगाए गए।
फालोअप में पता चला हीमोग्लोबिन रह गया 4.8
19 अगस्त को पुनः उसका फ़ॉलोअप सी एच ओ द्वारा किया गया जिसमे महिला का हीमोग्लोबिन 4.8 ग्राम आया, जिसके कारण महिला को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रावटी भेजा गया, जिसका ड्यूटी डॉक्टर दीपक मेहता द्वारा चेकअप कर उसका हीमोग्लोबिन कम आने पर एम सी एच अस्पताल रतलाम शासकीय वाहन से रेफर किया गया।
रतलाम से की गई ब्लड की व्यवस्था
20 अगस्त को वैशा पति गुड्डू भूरिया के लिए सीएचओ ओमप्रकाश पाटीदार द्वारा 2 यूनिट रक्त की व्यवस्था ब्लड बैंक रतलाम से की गई। ब्लड ट्रांसफ्यूजन एमसीएच हॉस्पिटल में कराया गया। 8 सितंबर को गुड्डी भूरिया हाई रिस्क होने पर उसका सामान्य प्रसव डॉ. दीपक मेहता मेडिकल ऑफिसर रावटी व ड्यूटी नर्सिंग ऑफिसर पूजा धाकड़ द्वारा कराया गया। जिसमे उसने स्वस्थ शिशु को जन्म दिया। छुट्टी होने पर माँ व बच्चा दोनों स्वस्थ हैं।
सीएचओ ने घर जाकर लिया फॉलो अप
प्रसव पश्चात सीएचओ ओमप्रकाश पाटीदार द्वारा गृह आधारित भेंट कर फ़ॉलोअप किया गया, जिसमे जच्चा बच्चा स्वस्थ पाए गए। बिना एक्सचेंज रक्त की व्यवस्था व सामान्य प्रसव होने पर स्वास्थ्य विभाग को परिजनों ने धन्यवाद दिया। शासन की सेवाओं से ख़ुश होकर सीएमएचओ, खंड चिकित्सा अधिकारी व पूरी टीम का आभार माना।
Hemant Bhatt