सेवानिवृत शिक्षिका से गहने ठगने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश, यूपी से आरोपी और सुनार गिरफ्तार

सेवानिवृत शिक्षिका से गहने ठगने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश, यूपी से आरोपी और सुनार गिरफ्तार

सीसीटीवी फुटेज और इंटर-स्टेट पुलिस कोऑर्डिनेशन से हुई ठगों की पहचान

⚫ ​ठगी का सोना खरीदकर गलाने वाला अमरोहा के सुनार को भी दबोचा 

⚫ ₹3.10 लाख का सोना बरामद

⚫ ​एक आरोपी अभी भी फरार, पुलिस तलाश में जुटी

हरमुद्दा
​रतलाम, 08 जुलाई। एक रिटायर्ड महिला शिक्षिका को झांसा देकर सोने के आभूषण ठगने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पुलिस भंडाफोड़ किया है। कार्रवाई करते हुए पुलिस ने उत्तर प्रदेश से एक मुख्य आरोपी और ठगी का सोना गलाने वाले सुनार को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से ₹3.10 लाख कीमत का गला हुआ सोना बरामद किया गया है।

​बातों के जाल में फंसाकर उड़ाए थे जेवर

​यह पूरी घटना 07 जून 2026 की है। मित्र निवास कॉलोनी निवासी 72 वर्षीय सेवानिवृत्त शिक्षिका मोहिनी रायचंदानी जब शास्त्री नगर स्थित गुरुद्वारे जा रही थीं, तभी शक्ति मेडिकल वाली गली में उन्हें दो अज्ञात बदमाश मिले। बदमाशों ने बुजुर्ग महिला को डराया कि आगे चोर घूम रहे हैं और गहने पहनकर घूमना सुरक्षित नहीं है।

रफू चक्कर हो गए थे ठग

महिला उनकी बातों में आ गईं और अपनी सोने की पाटली (कंगन) व मंगलसूत्र उतारकर बैग में रख लिया। आगे बढ़ने पर बदमाशों ने मदद के बहाने उनका बैग लिया और रफूचक्कर हो गए। बैग में गहनों के अलावा ₹2,000 नगद और एक की-पैड मोबाइल भी था। शिकायत पर थाना स्टेशन रोड में बीएनएस (BNS) की धारा 318(4) के तहत मामला दर्ज किया गया था।

​सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी विश्लेषण से मिला सुराग

​ पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने घटना को गंभीरता से लेते हुए स्टेशन रोड थाना प्रभारी निरीक्षक जितेंद्रसिंह जादौन के नेतृत्व में एक विशेष टीम बनाई। पुलिस ने जब शास्त्री नगर इलाके के सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले, तो दो संदिग्ध युवक बुजुर्ग महिला से बात करते और वारदात को अंजाम देकर भागते दिखे।
​पुलिस ने इन संदिग्धों के हुलिए और वीडियो को दूसरे राज्यों की पुलिस के साथ साझा किया। कड़ियों से कड़ियां जुड़ती गईं और आरोपियों की पहचान अंतरराज्यीय ठग गिरोह के युसुफ उर्फ मोटा (निवासी मेरठ, यूपी) और नोशाद शाह (निवासी ऊधमसिंह नगर, उत्तराखंड) के रूप में हुई।

​यूपी के श्रावस्ती से दबोचा गया मुख्य आरोपी

​मुखबिर तंत्र और तकनीकी सर्विलांस की मदद से स्टेशन रोड पुलिस ने 29 जून 2026 को मुख्य आरोपी युसुफ उर्फ मोटा को उत्तर प्रदेश के श्रावस्ती जिले से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में युसुफ ने कुबूल किया कि उसने अपने साथी नोशाद शाह के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया था और ठगे गए जेवर यूपी के अमरोहा जिले में एक सुनार को बेच दिए थे। ​

ठगी का सोना गलाने वाला सुनार भी पुलिस की गिरफ्त में

आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने अमरोहा की गुर्जर कॉलोनी में दबिश देकर सुनार दिवाकर वर्मा को गिरफ्तार किया। दिवाकर ने ठगी के आभूषणों को खरीदकर तुरंत गला दिया था। पुलिस ने सुनार के पास से ₹3,10,000 की कीमत का गला हुआ सोना बरामद कर लिया है। इस मामले में अब पुलिस ने साक्ष्यों के आधार पर बीएनएस की धारा 317(2) भी बढ़ा दी है।

​अपराधियों का पूरा लेखा-जोखा

​गिरफ्तार किए गए आरोपी

⚫ ​युसुफ उर्फ मोटा (उम्र 30 वर्ष): पिता शेर अली, निवासी आसिकाबाग, थाना किला परीक्षितगढ़, जिला मेरठ (उत्तरप्रदेश)। (आरोपी युसुफ का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी है, उस पर यूपी के श्रावस्ती में आर्म्स एक्ट का मामला पहले से दर्ज है।)

⚫ ​दिवाकर वर्मा (सुनार, उम्र 28 वर्ष): पिता लायक राम वर्मा, निवासी गुर्जर कॉलोनी, थाना हसनपुर, जिला अमरोहा (उत्तरप्रदेश)।

​फरार आरोपी

⚫ ​नोशाद शाह : निवासी गूलरभोज, थाना गदरपुर, जिला ऊधमसिंह नगर (उत्तराखंड)। (पुलिस इसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापे मार रही है।)