शायद मुख्यमंत्री नहीं चाहते कि छात्र राजनीति से निकले उनके जैसे नेता
⚫ अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद मालवा प्रांत मंत्री दर्शन कहार ने कहा
⚫ 2017 से नहीं हो रहे हैं महाविद्यालयों में चुनाव
⚫ देंगे ज्ञापन, करेंगे आंदोलन
⚫ अभाविप का तीन दिवसीय 58वाँ अधिवेशन 28 से, मुख्यमंत्री करेंगे उद्घाटन
हरमुद्दा
रतलाम, 25 दिसंबर। रतलाम में हुई प्रेस वार्ता में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद मालवा प्रांत मंत्री दर्शन कहार ने कहा कि मध्य प्रदेश में 2017 से महाविद्यालय छात्र संगठन के चुनाव नहीं हो रहे हैं। कई बार इस मुद्दे को उठाया है, मगर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। शायद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव नहीं चाहते हैं कि उनके जैसा नेता, छात्र राजनीति से बाहर आए। महाविद्यालय में छात्र संगठन चुनाव के लिए ज्ञापन दिया जाएगा, फिर भी मांग नहीं मानी गई तो आंदोलन भी किया जाएगा।

अभविप मालवा प्रांत मंत्री श्री कहार पत्रकार वार्ता में जानकारी देते हुए
पत्रकार वार्ता में पत्रकारों से चर्चा करते हुए प्रांत मंत्री श्री कहार ने बताया कि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद मालवा प्रांत का तीन दिवसीय 58 वा अधिवेशन 28 दिसंबर से शुरू होगा। उद्घाटन करने के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आएंगे। 30 दिसंबर तक रूद्र पैलेस में होगा, जिसे लोह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल नगर के नाम दिया है। अधिवेशन में मध्य प्रदेश के 22 जिलों के करीब 550 से अधिक प्रतिनिधि शामिल होंगे, जिसमें विद्यार्थियों सहित शिक्षक, शिक्षाविद, सम्मिलित है। पत्रकार वार्ता में स्वागत समिति अध्यक्ष प्रवीण सोनी एवं स्वागत समिति सचिव राजमल सूर्या मौजूद थे। संचालन नगर मंत्री अरुण जाट ने किया।

पत्रकार वार्ता में मौजूद आयोजन समिति के जिम्मेदार
उद्घाटन सत्र में यह रहेंगे अतिथि
अधिवेशन उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं विशेष अतिथि अभाविप के राष्ट्रीय महामंत्री डॉ. वीरेंद्र सिंह सोलंकी रहेंगे। यह उद्घाटन समारोह 28 दिसंबर को दोपहर 3 बजे होगा। जिस सभागार में तीन दिवसीय अधिवेशन होना है, उस सभागार का नाम अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के शिल्पकार यशवंत राव केलकर के नाम पर रखा गया।
विभिन्न विषयों पर होंगे 11 सत्र
श्री कहार ने बताया कि अधिवेशन में विभिन्न 11 सत्रों में सामाजिक, शैक्षिक विषयों पर चर्चा करते हुए प्रस्ताव लाए जाएंगे। अधिवेशन में शिक्षा की भारतीय संकल्पना और वर्तमान परिदृश्य, वन्देमातरम, राष्ट्रभक्ति की अमर पुकार विषयों पर भाषण होगा। समानांतर सत्र के माध्यम से वर्तमान समय में चल रहे विभिन्न विषय AI, Chat GPT, भारत का स्वबोध, संविधान परिचय जैसे अन्य विषय पर सत्र आयोजित होंगे।
प्रदर्शनी का उद्घाटन 27 दिसंबर को
अभाविप मालवा प्रांत मंत्री कहार ने बताया कि प्रदर्शनी उद्घाटन 27 दिसंबर को शाम 5 बजे होगा। जन जातीय समाज के उत्थान के लिए अपना जीवन खपाने वाले मामा बालेश्वर दयाल प्रदर्शनी मंडप में अभाविप के वर्ष भर संगठनात्मक, कार्यात्मक विभिन्न आयाम गतिविधि कार्य के साथ यशवंत राव केलकर, भगवान बिरसा मुंडा, संविधान लेखन, संघ शताब्दी वर्ष, वन्देमातरम के 150 वर्ष, रतलाम की ऐतिहासिक धरोहर एवं रतलाम रेलवे के 100 वर्ष जैसे विषयों को प्रदर्शनी मैं शामिल किया गया है।
29 दिसंबर को निकलेगी छात्र शक्ति की शोभायात्रा
29 दिसंबर को समस्त छात्र शक्ति के साथ नगर में शोभा यात्रा कला एवं विज्ञान महाविद्यालय से प्रारंभ होकर धानमंडी तक निकलेगी। जिसके पश्चात दोपहर 3 बजे खुले मंच से विभिन्न शैक्षणिक एवं सामाजिक मुद्दों पर छात्र प्रतिनधियों द्वारा विचार व्यक्त किए जाएंगे।
छात्र शक्ति के स्वागत के लिए शहर उत्साहित
अधिवेशन के लिए मालवा प्रांत से आने वाली समस्त छात्र शक्ति के स्वागत के लिए रतलाम नगर तैयार एवं उत्साहित है। पुरे नगर को अभाविप के ध्वज से सजाया है। शोभा यात्रा का स्वागत करने के लिए जनप्रतिनिधि समाजजन नागरिक आतुर है।
Hemant Bhatt