आमजन के गुम हुए 15 मोबाइल खोजकर लौटाए पुलिस ने
⚫ औद्योगिक क्षेत्र रतलाम पुलिस की कार्रवाई
⚫ CEIR पोर्टल के प्रभावी उपयोग का परिणाम
हरमुद्दा
रतलाम, 8 जुलाई। आम नागरिकों के गुम एवं चोरी हुए मोबाइल फोन की तलाश कर उन्हें वापस दिलाने के लिए रतलाम पुलिस द्वारा लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में थाना औद्योगिक क्षेत्र रतलाम पुलिस ने आम नागरिकों के गुम हुए 15 मोबाइल फोन CEIR पोर्टल के माध्यम से खोजकर उनके वास्तविक मालिकों को वापस लौटाने में महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त की है।

पुलिस द्वारा खोजे गए मोबाइल
थाना प्रभारी औद्योगिक क्षेत्र रतलाम निरीक्षक गायत्री सोनी के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा गुम मोबाइल फोन से संबंधित शिकायतों पर लगातार कार्रवाई की जा रही थी। पुलिस टीम ने भारत सरकार के दूरसंचार विभाग द्वारा संचालित CEIR (Central Equipment Identity Register) पोर्टल पर दर्ज शिकायतों की तकनीकी जानकारी के आधार पर गुम मोबाइल फोन की तलाश शुरू की। पुलिस टीम द्वारा तकनीकी जानकारी का विश्लेषण एवं लगातार प्रयास करते हुए विभिन्न स्थानों से आम नागरिकों के गुम हुए 15 मोबाइल फोन खोजे गए।
वास्तविक सत्यापन के बाद सौपे मालिकों को फोन
आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया पूर्ण करने एवं मोबाइल फोन के वास्तविक स्वामित्व का सत्यापन करने के बाद सभी मोबाइल फोन उनके वास्तविक मालिकों को वापस लौटाए गए।
मोबाइल वापस पाकर नागरिकों के चेहरे पर लौटी मुस्कान

खोया मोबाइल मिलने पर खुशी जाहिर करते हुए आमजन
लंबे समय से गुम अपने मोबाइल फोन वापस मिलने पर नागरिकों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए रतलाम पुलिस एवं थाना औद्योगिक क्षेत्र पुलिस की कार्यप्रणाली की सराहना की। वर्तमान समय में मोबाइल फोन न केवल संचार का माध्यम है, बल्कि इसमें नागरिकों की महत्वपूर्ण व्यक्तिगत जानकारियां, संपर्क, दस्तावेज एवं डिजिटल सेवाओं से संबंधित जानकारी भी सुरक्षित रहती है। ऐसे में गुम मोबाइल फोन वापस मिलने से संबंधित नागरिकों को बड़ी राहत मिली।
क्या है CEIR पोर्टल?
CEIR पोर्टल गुम अथवा चोरी हुए मोबाइल फोन को ब्लॉक करने एवं तलाश करने में सहायता प्रदान करने वाला एक महत्वपूर्ण डिजिटल प्लेटफॉर्म है। मोबाइल फोन गुम या चोरी होने की स्थिति में नागरिक स्वयं भी संबंधित प्रक्रिया के माध्यम से ऑनलाइन शिकायत दर्ज कर या नजदीकी थाने पर आवेदन कर अपने मोबाइल के IMEI नंबर को ब्लॉक करा सकते हैं। CEIR प्रणाली के माध्यम से गुम मोबाइल में अन्य सिम कार्ड का उपयोग किए जाने की स्थिति में उपलब्ध तकनीकी जानकारी के आधार पर पुलिस द्वारा मोबाइल की तलाश एवं बरामदगी में सहायता प्राप्त होती है।
गुम या चोरी होने पर दे तत्काल सूचना
मोबाइल फोन गुम अथवा चोरी होने की स्थिति में तत्काल संबंधित पुलिस थाने में सूचना दें तथा CEIR पोर्टल पर शिकायत दर्ज कर मोबाइल के IMEI नंबर को ब्लॉक कराएं। नागरिक अपने मोबाइल फोन का IMEI नंबर सुरक्षित रखें, क्योंकि मोबाइल गुम अथवा चोरी होने की स्थिति में उसकी तलाश एवं ब्लॉकिंग प्रक्रिया में यह महत्वपूर्ण होता है। रतलाम पुलिस आम नागरिकों की सुरक्षा एवं उनकी संपत्ति की बरामदगी के लिए आधुनिक तकनीक एवं डिजिटल प्लेटफॉर्म का प्रभावी उपयोग करते हुए लगातार कार्य कर रही है।
Hemant Bhatt