आपातकाल के 50 वर्ष : भाजपा ने किया लोकतंत्र रक्षक सेनानियों का अभिनन्दन

आपातकाल के 50 वर्ष : भाजपा ने किया लोकतंत्र रक्षक सेनानियों का अभिनन्दन

आपातकाल के काले अध्याय से जुड़े प्रसंगों की लगाई प्रदर्शनी

⚫ लोकतंत्र की रक्षा के लिए भाजपा ने दिया बलिदान : राज्यसभा सांसद

⚫ आपातकाल के दिन याद करना ही दुखद : पूर्व जिला अध्यक्ष

⚫ लोकतंत्र रक्षक सैनानी और उनके परिवारों का अभिनन्दन करना हमारे लिए गर्व की बात : केबिनेट मंत्री

हरमुद्दा
रतलाम, 26 जून। भारतीय जनता पार्टी ने आपातकाल के 50 वर्ष पूर्ण होने पर काला दिवस मनाया। इस मौके पर रंगोल परिसर में संगोष्ठी हुई, जिसमें आपातकाल के दौरान जेल में लोकतंत्र रक्षक सैनानियों और उनके परिवार का अभिनन्दन किया गया। आपातकाल के काले अध्याय से जुड़े प्रसंगों की प्रदर्शनी लगाई गई। 

कार्यक्रम में मौजूद भाजपा और मीसाबंदी परिवार

भाजपा जिला मीडिया प्रभारी अरुण त्रिपाठी ने बताया कि कार्यक्रम के मुख्य वक्ता राज्यसभा सांसद बंशीलाल गुर्जर रहे। अध्यक्षता उज्जैन के पूर्व जिलाध्यक्ष नरेन्द्र सांकला ने की। इस दौरान एमएसएमई मंत्री चेतन्य काश्यप, महापौर प्रहलाद पटेल, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय, कार्यक्रम प्रभारी सुनील सारस्वत मंचासीन रहे।

माल्यार्पण व दीप प्रज्ज्वलन से शुरुआत

काला दिवस संगोष्ठी की शुरुआत भाजपा के पितृपुरूषों डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी, पं.दीनदयाल उपाध्याय एवं भारत माता के चित्र पर माल्यार्पण कर की गई। भाजपा नेत्री सोना शर्मा एवं दिव्या शर्मा ने गीत प्रस्तुत किया। भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय ने स्वागत भाषण दिया। 

इनका हुआ अभिनंदन

मीसाबंदी श्री मौर्य का सम्मान करते हुए

अतिथियों ने मीसाबंदी लोकतंत्र रक्षक सेनानी पूर्व जिलाध्यक्ष कन्हैयालाल मौर्य, बजरंग पुरोहित चंदनमल पिरोदिया, बद्रीलाल चौहान, प्रकाश गुगलिया, परशराम सैनी, शांतिलाल मूणत, अनिल मांदले, राजेन्द्र भरकुंदिया, बसंत पुरोहित, महेन्द्र नाहर, दिनेश सोलंकी, विनय मोघे एवं दुर्गा प्रसाद ऐरन का शाल, श्रीफल से अभिनंदन किया। दिवंगत लोकतंत्र रक्षक सेनानियों के परिवारजनों का भी सम्मान किया गया। 

फीता काटकर किया प्रदर्शनी का शुभारंभ

फीता काटकर प्रदर्शनी का शुभारंभ करते हुए कैबिनेट मंत्री

एमएसएमई मंत्री चेतन्य काश्यप ने फीता काटकर लगाई गई प्रदर्शनी का शुभारंभ किया जिसमें इंदिरा गांधी द्वारा आपातकाल के दौरान की गई तानाशाही को चित्रों के माध्यम से प्रदर्शित किया गया था।संचालन सह प्रभारी अनिता कटारिया ने किया।

लोकतंत्र की रक्षा के लिए भाजपा ने दिया बलिदान : राज्यसभा सांसद

राज्यसभा सांसद गुर्जर संबोधित करते हुए

कांग्रेस ने आपातकाल लगाकर लोकतंत्र की हत्या की थी और आपातकाल के दौरान तानाशाही करते हुए देश के हर तंत्र को कमजोर किया। भाजपा लोकतंत्र की रक्षा के लिए आरंभ से संघर्ष करती आ रही है। पार्टी के पितृ पुरुष डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी ने इसके लिए अपना बलिदान दिया है। प्रधानमंत्री मोदीजी उनके बलिदान को सार्थक करते हुए देश को हर क्षेत्र में आगे ले जा रहे है। धारा 370 की समाप्ति, राम मंदिर का निर्माण और नारी शक्ति के आत्मसम्मान के कानून बनाकर राष्ट्र की एकता के लिए कार्य किए जा रहे है। 

बंशीलाल गुर्जर, राज्यसभा सांसद 

आपातकाल के दिन याद करना ही दुखद : पूर्व जिला अध्यक्ष

इंदिरा गांधी द्वारा आपातकाल लागू करना देश का सबसे काला दिन था। इसी लिए भाजपा इसे काला दिवस के रूप में मनाती आ रही है। 50 वर्ष पूर्व आपातकाल में जो प्रताड़नाएं देश के नागरिकों को झेलनी पड़ी उन्हें याद करना भी दुखद है। इंदिरा गांधी ने लोकतांत्रिक आन्दोलन ही नहीं कुचले अपितु अपना जनाधार सुरक्षित रखने के लिए आपातकाल में सारे विपक्षी नेताओं को जेल में डाल दिया था। न्यायालय ने उनकी चुनावी जीत को शून्य घोषित किया था और उन्होंने इसे व्यक्तिगत प्रतिष्ठा का मुद्दा बनाकर पूरे देश में संकट खड़ा कर दिया था। देशवासी लोकतंत्र की हत्या करने वाली कांग्रेस पार्टी को कभी माफ नहीं करेंगे। मीसाबंधुओं के संघर्ष और समर्पण को नमन

नरेन्द्र सांकला, पूर्व जिलाध्यक्ष, उज्जैन

लोकतंत्र रक्षक सैनानी और उनके परिवारों का अभिनन्दन करना हमारे लिए गर्व की बात : केबिनेट मंत्री

 25 जून, 1975 को लगाए गए आपातकाल के दौरान मीसाबंधुओं ने जो संघर्ष किया और समर्पण से देश की सेवा की, उसे हम सभी नमन करते है। कांग्रेस ने देश को आपातकाल की विभिषिका में धकेला था और मीसाबंधुओं ने घर-परिवार छोड़कर जेल में रहकर संघर्ष किया। ऐसे लोकतंत्र रक्षक सैनानी और उनके परिवारों का अभिनन्दन करना हमारे लिए गर्व की बात है। 

चेतन्य काश्यप, एमएसएमई मंत्री, मध्य प्रदेश शासन