शहर कांग्रेस हुई सक्रिय : बाजार बैठक वसूली की जांच भाजपा के ताबूत में कील

शहर कांग्रेस हुई सक्रिय : बाजार बैठक वसूली की जांच भाजपा के ताबूत में कील

⚫ नगर विधायक के मौन से उनका असली पूंजीवादी चेहरा उजागर 

⚫ सत्ता के नशे में महापौर को गरीबों का शोषण नहीं करने देंगे 

⚫ बाजार बैठक वसूली हर हाल में नहीं होगी 

हरमुद्दा
रतलाम, 5 जून।
 बाजार बैठक वसूली की भोपाल से जांच के आदेश  भाजपा के ताबूत में कील साबित होगी। सत्ता और बहुमत के नशे में महापौर को गरीबों का शोषण नहीं करने देंगे। बाजार बैठक वसूली के नाम पर नगर निगम की रंगदारी वसूली पर नगर विधायक एवं केबिनेट मंत्री चेतन्य काश्यप का मौन उनके पूंजीवादी चेहरे को उजागर करता है। 

यह बात पूर्व विधायक पारस सकलेचा ने कही। श्री सकलेचा कांग्रेस पार्षद द्वारा बाजार बैठक वसूली में भाजपा को करारी चोट  के उपलक्ष में आयोजित स्वागत समारोह में बोल रहे थे। वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं  पार्षद यास्मीन शेरानी के नेतृत्व में कांग्रेस पार्षद दल ने बाजार बैठक वसूली रोकने में पूर्व  विधायक पारस सकलेचा , शहर कांग्रेस अध्यक्ष महेंद्र कटारिया तथा नगर निगम में नेता प्रतीपक्ष शांतिलाल वर्मा का अभिनंदन किया। 

भाजपा को खानी पड़ी मुंह की

शहर अध्यक्ष महेंद्र कटारिया ने कहा कि कांग्रेस पार्षद दल ने बाजार बैठक वसूली में संघर्ष कर एक इतिहास बनाया है । भाजपा को मुंह की खानी पड़ी । और इससे उसका तानाशाही चेहरा बेनकाब हो गया ।

20000 से ज्यादा गरीबों को होगा लाभ

नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष शांतिलाल वर्मा ने कहा कि बाजार बैठक वसूली पर रोक से 20000 से ज्यादा गरीब और छोटे व्यवसायी जो सड़क पर बैठकर सब्जी बेचते हैं। ठेला गाड़ी में घूम कर व्यवसाय करते हैं। प्रत्येक परिवार को ₹3000 महीने से लेकर ₹8000 तक प्रतिमाह का लाभ होगा । उन्होंने कहा कि हम गरीबों के साथ है और हर लड़ाई उसके लिए लड़ने को तैयार है। जीत हमारी ही होगी क्योंकि हम सत्य की राह पर है ।

स्वर्ण अक्षरों में लिखी जाएगी बैठक वसूली पर रोक

वरिष्ठ कांग्रेस नेता यास्मीन शेरानी ने कहा कि पारस दादा , महेंद्र कटारिया तथा शांतिलाल वर्मा के संयुक्त प्रयास से बाजार बैठक वसूली में जो रोक लगी है , वह नगर निगम के इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में लिखी जाएगी । भाजपाई महापौर में हिम्मत हो तो  वह बाजार बैठक की वसूली करके बता दें।

यह थे मौजूद

इस अवसर पर पार्षद दल उपनेता कमरुद्दीन कछवाया  महामंत्री राजीव रावत, वहींद भाई  शेरानी, पार्षद दल सचेतक आशा रावत,सलीम मोहम्मद बागवान, नीलोफर खान, केसरबाई, कविता महावर, पार्षद प्रतिनिधि शाकिर खान, सुनील महावर, किशन दा भागीनामा, उपस्थित थे।