दर्दनाक हादसा : अनियंत्रित होकर ट्राला पलटा ऑटो पर, 7 की मौत

दर्दनाक हादसा : अनियंत्रित होकर ट्राला पलटा ऑटो पर, 7 की मौत

मृतकों में चार बच्चे और तीन बड़े, तीन घायल जिनमें दो बच्चे शामिल

⚫ सूचना मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस पहुंची मौके पर

⚫ अस्पताल भेजा पोस्टमार्टम के लिए

हरमुद्दा
रीवा, 5 जून। रीवा में मौत की घाटी कही जाने वाली सोहागी घाटी में एक बार फिर बड़ा सड़क हादसा हो गया। हादसे में सात लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हुए हैं। हादसा गुरुवार की दोपहर सोहागी थाना क्षेत्र अंतर्गत एनएच 30 में हुआ है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।

बताया गया कि ट्रक एनएच 30 से होकर गुजर रहा था। तभी ट्रक अनियंत्रित होकर ऑटो के ऊपर पलट गया। ऑटो में कुल 8 लोग सवार थे, इस हादसे के चलते ऑटो सवार उसकी चपेट में आ गए, जिसमें सात लोगों की मौत हो गई। बताया गया है कि ऑटो सवार सभी लोग प्रयागराज से गंगा स्नान कर मऊगंज जिले के नईगढ़ी जा रहे थे। ऑटो सवार सभी लोग मऊगंज के नईगढ़ी के रहने वाले थे, जबकि ट्रक प्रयागराज से होकर रीवा की ओर आ रहा था।

इनकी हुई है मौत

इस सड़क दुर्घटना में रामजीत जायसवाल(38), पिंकी जायसवाल पति रामजीत जायसवाल (35), अंबिका पिता रामजीत जायसवाल (9), हीरालाल जायसवाल पिता शोभनाथ (65) उक्त सभी निवासी भमरा थाना शाहपुर जिला मऊगंज, अरविंद जायसवाल पिता वरुण जायसवाल (5), मानवी पुत्री वरुण जायसवाल (7) निवासी बेहरी(देवतालाब) जिला मऊगंज, सौरभ पिता प्रवीण जायसवाल (11) निवासी उमरी जिला मऊगंज आदि की मौत हो गई है। जबकि इस घटना में घायल हुए रविता पति वरुण जायसवाल उम्र (35) निवासी बहेरी, प्रियांशु पिता रामजीत जायसवाल (6) एवं अदिति पता रामजीत जायसवाल (4) निवासी भमरा जिला मऊगंज को उपचार के लिए रीवा के संजयगांधी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

की जा रही है हादसे के कारणों की जांच

एडिशनल एसपी ने बताया कि  हादसा किसकी लापरवाही से हुआ और हादसे की असल वजह क्या है, इसकी जांच की जा रही है।