शिक्षा का मंदिर शर्मसार : कई बार की तरह शराब के नशे में स्कूल पहुंची महिला शिक्षिका

शिक्षा का मंदिर शर्मसार : कई बार की तरह शराब के नशे में स्कूल पहुंची महिला शिक्षिका

स्टाफ का कहना है कि इससे छात्र-छात्राओं पर क्या प्रभाव पड़ता होगा?

⚫ वीडियो भी हुआ है वायरल

⚫ वरिष्ठ अधिकारियों से की शिकायत

हरमुद्दा
धार, 24 जून। तब शिक्षा का मंदिर शर्मसार हो गया, जब एक महिला टीचर शराब के नशे में स्कूल पहुंच गई।  स्कूल में बच्चे भी मौजूद थे। वहीं महिला टीचर द्वारा इस प्रकार की हरकत कई बार की जा चुकी है। मना करने पर भी नहीं मानने के बाद अब स्कूल के स्टाफ ने इसकी शिकायत कर दी है। स्टाफ का कहना है कि इससे छात्र-छात्राओं पर क्या प्रभाव पड़ता होगा?

यह शिक्षिका पहुंची शराब पीकर स्कूल

पूरा मामला धार जिले के सिंघाना प्राइमरी स्कूल का बताया जा रहा है। यहां एक महिला टीचर नशे में धुत होकर स्कूल पहुंची। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। ये वीडियो 23 जून का बताया जा रहा है।

समझाने के बाद भी आदत में सुधार नहीं

जानकारी के मुताबिक ये टीचर कविता कवचे, सिंघाना के प्राइमरी स्कूल में पदस्थ है। यह रोज नशे में स्कूल आती है। कई बार समझाए जाने के बाद भी इनके शराब पीने की आदत में कोई सुधार नहीं हुआ। आरोप है कि यह नशे में स्टाफ से अभद्र व्यवहार करती है। इस बार अधिकारियों से शिकायत की गई है।

... तो सबकी बजा दूंगी 12

स्कूल में मौजूद स्टाफ ने जब इस वायरल वीडियो में शिक्षिका से पूछा कि दारू क्यों पीती हो तो वह हाथ जोड़ने लगी। स्टाफ ने शिकायत करने की बात कही तो लड़खड़ाते हुए कहने लगी कि अगर तुमने बोला तो मैं 12 बजा दूंगी, यह मेरा स्कूल है ज्यादा नाटक मत करो। बता दें कि स्कूल में किसी काम की वजह से मजदूर कार्य कर रहे हैं, जहां पर ये महिला टीचर लोगों से हुज्जत करती दिख रही है। स्टाफ का कहना है कि इससे छात्र-छात्राओं पर क्या प्रभाव पड़ता होगा? इस स्कूल में ये महिला टीचर पांचवीं कक्षा तक के करीब 150 बच्चों को पढ़ाती है।

उच्च अधिकारी को भेजेंगे रिपोर्ट

पूर्व में भी शिकायतों के आधार पर शिक्षिका को समझाया गया था, उन्होंने कहा था कि इसकी पुनरावृत्ति नहीं होगी। हालांकि उनमें कोई भी सुधार नहीं हुआ है। उनके खिलाफ कार्रवाई के लिए रिपोर्ट बनाकर उच्च अधिकारियों को भेजा जा रहा है।

किशोर कुमार बागेश्वर, विकास खंड शिक्षा अधिकारी