राजस्थान से आ रही हीटवेव : तापमान 45.5 दर्ज, तोड़े रिकॉर्ड,रतलामियों को रवि ने खूब तपाया रविवार को , तापमान 

राजस्थान से आ रही हीटवेव : तापमान 45.5 दर्ज, तोड़े रिकॉर्ड,रतलामियों को रवि ने खूब तपाया रविवार को , तापमान 

मौसम विभाग का कहना और बढ़ेगा तापमान

⚫ सेहत का रखें ध्यान वरना हो जाएंगे हैरान

हरमुद्दा
रतलाम, 10 मई। रतलाम में गर्मी का 'रेड अलर्ट': 45.5°C के साथ रविवार रहा। अबतक का सीजन का सबसे गर्म दिन दर्ज किया गया। दिन ही नहीं रात भी परेशान करने वाली हो गई है। ना दिन को सुकून है ना रात को चैन मिल रहा है इस भीषण गर्मी में खासकर छोटे छोटे बच्चे जो बोल नहीं पाते हैं वह काफी परेशान हो रहे हैं।


​मालवा अंचल में सूरज के तीखे तेवरों ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। रविवार को रतलाम में भीषण गर्मी का प्रकोप देखने को मिला, जहाँ पारा 45.5°C के पार पहुँच गया। वही रात का तापमान भी 26.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हो गया है। यह इस सीजन का अब तक का सर्वाधिक तापमान दर्ज किया गया है, जिसने पिछले कई रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। 25 अप्रैल को ही सर्वाधिक तापमान 44.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। फिर तापमान धीरे-धीरे घटा और 40 डिग्री तक आ गया। इसके बाद फिर अभी तेजी आई और रविवार को तो सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए। दिन ही नहीं रात भी बेचैन कर रही है। शनिवार को तापमान 44 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। एक ही दिन में तापमान में 1.5 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हो गई।

शहर का हाल बेहाल

​सुबह 11 बजे से ही लू (Heat Wave) के थपेड़ों ने लोगों को बेहाल करना शुरू कर दिया। दोपहर के समय शहर की मुख्य सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा। गर्म हवाओं के कारण दोपहिया वाहन चालकों और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। लोग चेहरे और सिर को कपड़े से ढंककर निकलते नजर आए।

बाजारों पर असर: बढ़ती तपिश का सीधा असर व्यापार पर भी दिखा। ठंडे पेय पदार्थों, गन्ने के रस और तरबूज की दुकानों पर भी कमी देखी गई, जबकि अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में ग्राहकों की संख्या नगण्य रही।

​ चिकित्सक की सलाह

 भीषण गर्मी और लू को देखते हुए स्वास्थ्य विशेषज्ञ डॉ. कैलाशचंद्र अग्रवाल ने नागरिकों के लिए सावधानी बरतने की बात की हैं। प्यास न लगने पर भी पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं। ओआरएस (ORS), लस्सी, और नींबू पानी का सेवन करें।

​पीक ऑवर्स से बचें

डॉ. अग्रवाल ने बताया दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे के बीच अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचें। हल्के रंग के सूती और ढीले कपड़े पहनें। बाहर जाते समय छाते या टोपी का प्रयोग जरूर करें।

​मौसम विभाग का पूर्वानुमान

​मौसम केंद्र के अनुसार, आने वाले 48 घंटों में तापमान में और अधिक बढ़ोत्तरी होने की संभावना है। राजस्थान से आ रही गर्म हवाओं के कारण रतलाम सहित आसपास के जिलों में 'हीट वेव' की स्थिति बनी रहेगी। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे गर्मी से बचाव के सभी उपाय अपनाएं और पशु-पक्षियों के लिए दाने-पानी का प्रबंध करें।