रेलयात्री सरोकार : ट्रेन में खोया मंगलसूत्र आरपीएफ एवं टिकट चेकिंग स्टाफ की तत्परता से मिला, यात्री को सौंपा

रेलयात्री सरोकार : ट्रेन में खोया मंगलसूत्र आरपीएफ एवं टिकट चेकिंग स्टाफ की तत्परता से मिला, यात्री को सौंपा

टीटीई मीणा को मिला था कोच में

⚫ करीब 3 लाख रुपए मूल्य का मंगलसूत्र श्री ताम्रकार को लौटाया
 
हरमुद्दा
रतलाम, 16 जुलाई। पश्चिम रेलवे के रतलाम मंडल में रेलवे सुरक्षा बल एवं ऑन-ड्यूटी टिकट चेकिंग स्टाफ की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से शांति एक्सप्रेस में यात्रा के दौरान खोया  सोने का मंगलसूत्र सुरक्षित बरामद कर उसके वास्तविक स्वामी को लौटा दिया गया।


पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश कुमार ने बताया कि 15 जुलाई 2026 को ट्रेन संख्या 19310 शांति एक्सप्रेस से देवास से रतलाम की यात्रा कर रहे लक्ष्य ताम्रकार ने रेल मदद के माध्यम से शिकायत दर्ज कराई कि यात्रा के दौरान उनकी पत्नी का सोने का मंगलसूत्र कहीं गिर गया है अथवा चोरी हो गया है।

बिना विलंब हुई कार्रवाई

शिकायत प्राप्त होते ही रेलवे सुरक्षा बल ने बिना विलंब कार्रवाई प्रारंभ की। रतलाम आरपीएफ पोस्ट के सहायक उप निरीक्षक विजेंद्र सिंह तोमर ने शिकायतकर्ता से संपर्क कर घटना की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। इसके बाद आरपीएफ कंट्रोल के माध्यम से संबंधित ट्रेन के ऑन-ड्यूटी टिकट चेकिंग स्टाफ को तत्काल सूचना देकर संबंधित कोच की गहन जांच कराई गई। अगले स्टेशन पर विशेष रूप से कोच की तलाशी लेने के निर्देश दिए गए।

टीटीई मीणा को मिला मंगलसूत्र

ट्रेन के मेघनगर स्टेशन पहुंचने पर आरपीएफ के सहायक उप निरीक्षक सुभाष चंद्र पाल ने ट्रेन को अटेंड किया। इस दौरान ऑन-ड्यूटी टीटीई गोपाल लाल मीणा को कोच में मिला सोने का मंगलसूत्र आरपीएफ को सौंपा गया।

करीब 3 लाख रुपए मूल्य का मंगलसूत्र श्री ताम्रकार को लौटाया

16 जुलाई 2026 को आवश्यक औपचारिकताएं पूर्ण करने के बाद रेलवे सुरक्षा बल, मेघनगर द्वारा लगभग तीन लाख रुपये मूल्य का सोने का मंगलसूत्र श्री ताम्रकार को सुरक्षित लौटा दिया गया। अपना बहुमूल्य आभूषण वापस मिलने पर यात्री एवं उनके परिजनों ने रेलवे सुरक्षा बल तथा टिकट चेकिंग स्टाफ की त्वरित कार्रवाई, ईमानदारी एवं संवेदनशीलता की सराहना करते हुए उनका आभार व्यक्त किया।