रतलाम में पत्थरबाज चोर गैंग की दस्तक : लेनार्ड सिटी में आधी रात को घुसे बदमाश
⚫ टोकने पर की पत्थरबाजी
⚫ एक धराया, दो फरार
⚫ पुलिस की रात्रिकालीन गश्त दावों की खुली पोल
हरमुद्दा
रतलाम, 2 सितंबर। शहर में अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हो चुके हैं कि अब उन्हें न तो पुलिस का खौफ रहा है और न ही आम जनता का। बीते कुछ समय से शहर में 'चड्डी-बनियान धारी' गैंग की दहशत बनी हुई थी, और अब 'पत्थरबाज चोर गिरोह' ने दस्तक देकर पुलिस की रात्रिकालीन गश्त दावों की पोल खोल दी है। ताजा मामला लेनार्ड सिटी का है, जहां मंगलवार की आधी रात को तीन बेखौफ बदमाशों ने चोरी की नीयत से धावा बोला।
छात्र की सतर्कता से टली बड़ी वारदात
मंगलवार देर रात करीब 2 बजे लेनार्ड सिटी की चारदीवारी फांदकर तीन चोर कॉलोनी में दाखिल हुए। इसी दौरान कुत्ते भी भौंकने वालों तो वहां रहने वाले पढ़ रहे छात्र अभिनय शर्मा की नजर इन बदमाशों पर पड़ गई। छात्र शर्मा ने बिना डरे तुरंत शोर मचा दिया। खुद को घिरता देख चोरों ने भागने के बजाय छात्र और आसपास के मकानों पर पथराव करना शुरू कर दिया।
कॉलोनीवासी जागे, पुलिस ने एक को दबोचा
छात्र की आवाज और पत्थरबाजी का शोर सुनकर आसपास के रहवासी तुरंत एकत्र हो गए। इसी बीच सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम भी मौके पर पहुंची। पुलिस और स्थानीय लोगों की घेराबंदी देखकर चोरों में भगदड़ मच गई। मौका पाकर दो चोर अंधेरे का फायदा उठाकर दीवार कूदकर भागने में सफल रहे, जबकि एक आरोपी को मौके पर ही धर दबोचा गया।
झाबुआ का रहने वाला है पकड़ाया बदमाश
पुलिस द्वारा पकड़े गए आरोपी से पूछताछ में खुलासा हुआ है कि वह झाबुआ जिले का रहने वाला है। पुलिस फिलहाल उससे कड़ाई से पूछताछ कर रही है ताकि भागे हुए दो अन्य साथियों के नाम और ठिकाने का पता लगाया जा सके। वहीं पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है।
पुलिसिंग पर उठे गंभीर सवाल
शहर में लगातार सक्रिय हो रही आपराधिक गैंगों के कारण आम जनता में भय और आक्रोश का माहौल है। पहले 'चड्डी-बनियान धारी' गिरोह और अब इस तरह सरेआम पथराव करने वाली गैंग के आने से नागरिकों की सुरक्षा पर बड़ा सवालिया निशान खड़ा हो गया है। रहवासियों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि कॉलोनियों और आउटर इलाकों में रात्रिकालीन गश्त बढ़ाई जाए और ऐसे बेखौफ अपराधियों पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाए।
Hemant Bhatt