दर्दनाक हादसा : लापरवाही की भेंट चढ़ गए दो किशोर
⚫ आक्रोशित परिजनों का चक्काजाम
⚫ सड़क पर शव रखकर प्रदर्शन
⚫ सवालों के घेरे में बेलगाम रफ्तार
हरमुद्दा
रतलाम (कालूखेड़ा), 27 नवंबर। जिले के कालूखेड़ा क्षेत्र में शुक्रवार, 27 नवंबर 2026 को एक हृदयविदारक सड़क हादसे में कक्षा 10वीं के दो होनहार छात्रों की दर्दनाक मौत हो गई। दोनों छात्र स्कूल से अपनी अर्धवार्षिक (हाफ ईयरली) परीक्षा देकर खुशी-खुशी बाइक से अपने घर लौट रहे थे, तभी रास्ते में काल बनकर आए एक तेज रफ्तार पानी के टैंकर ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश की लहर दौड़ गई है।
लापरवाही की भेंट चढ़ी दो जिंदगियां
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पानी के टैंकर की रफ्तार काफी तेज थी और चालक वाहन को बेहद लापरवाहीपूर्वक चला रहा था। कालूखेड़ा मार्ग पर अनियंत्रित टैंकर ने सामने से आ रहे छात्रों की बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए। दोनों छात्रों अजय पिता किशोर और मनोज पिता अमृतलाल निवासी नवेली की मौत हो गई। जिन घरों में बच्चों के परीक्षा देकर लौटने का इंतजार हो रहा था, वहां इस खबर के पहुंचते ही कोहराम मच गया।
आक्रोशित परिजनों का चक्काजाम, सड़क पर शव रखकर प्रदर्शन
हादसे के बाद टैंकर चालक की गिरफ्तारी न होने से परिजनों और ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए आक्रोशित परिजनों ने कालूखेड़ा मुख्य मार्ग पर दोनों छात्रों के शव रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों की मांग थी कि लापरवाह टैंकर चालक को तत्काल हिरासत में लिया जाए, टैंकर मालिक के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो और पीड़ित परिवारों को उचित मुआवजा दिया जाए।
दिया कार्रवाई का आश्वासन
सड़क पर शव रखकर किए गए इस विरोध प्रदर्शन के कारण मार्ग पर आवागमन पूरी तरह बाधित रहा और वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और आक्रोशित परिजनों को समझाइश देकर निष्पक्ष व त्वरित कार्रवाई का आश्वासन दिया।
सवालों के घेरे में बेलगाम रफ्तार
ग्रामीण क्षेत्रों की सड़कों पर बिना किसी नियंत्रण के दौड़ते भारी वाहन और पानी के टैंकर आए दिन मासूमों की जान ले रहे हैं। स्कूल लगने और छुट्टी के समय भी इन वाहनों की रफ्तार पर कोई लगाम नहीं होती। इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर यातायात नियमों के पालन और प्रशासन की निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
Hemant Bhatt