रतलाम-मंदसौर फोरलेन पर भीषण हादसा

रतलाम-मंदसौर फोरलेन पर भीषण हादसा

⚫ अचानक ब्रेक लगने से आपस में भिड़े 5 वाहन

⚫ कटर से केबिन काटकर बचाई गई दो जिंदगियां
​
⚫ नामली बायपास पर चेन-रिएक्शन टक्कर से मची अफरा-तफरी

⚫ रेस्क्यू टीम ने दिखाई तत्परता

हरमुद्दा
​रतलाम (नामली), 26 नवंबर। रतलाम जिले के नामली क्षेत्र से गुजरने वाले रतलाम-मंदसौर फोरलेन (नामली बायपास/हाईवे) पर गुरुवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। आगे चल रहे वाहन द्वारा अचानक ब्रेक लगाए जाने के कारण पीछे आ रहे कुल 5 वाहन एक के बाद एक आपस में जा भिड़े। इस भीषण 'चेन-रिएक्शन' टक्कर में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि वाहनों के क्षतिग्रस्त होने से हाईवे पर कुछ देर के लिए हड़कंप मच गया।

प्रत्यक्षदर्शियों हरीश चौहान और प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, नामली बायपास पर यातायात सामान्य रूप से चल रहा था। स्पीड ब्रेकर बनाने का कार्य चल रहा था। इसी दौरान आगे चल रहे एक ट्रक ने अचानक ब्रेक लगा दिए। पीछे आ रहे ट्रक के चालक को संभलने का मौका नहीं मिला और वह सीधे आगे वाले ट्रक में जा घुसा। रफ्तार अधिक होने के कारण इसके पीछे आ रहे तीन अन्य वाहन भी अनियंत्रित होकर एक-दूसरे से टकरा गए। सरियों से भरे चौथे ट्रक ने जब ब्रेक लगाए तो पांचवा ट्रक उससे भिड़ गए। पांचवी ट्रक के चालक और क्लीनर फस गए। देखते ही देखते हाईवे पर 5 वाहनों का जमावड़ा लग गया।

​केबिन में फंसे दो लोग, कटर से काटकर निकाला

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पीछे वाले ट्रक का अगला हिस्सा बुरी तरह पिचक गया और उसके केबिन में दो लोग फंस गए। हादसे के तुरंत बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और पुलिस व रेस्क्यू टीम को सूचना दी गई।

​मौके पर पहुंची रेस्क्यू टीम ने बिना समय गंवाए बचाव कार्य शुरू किया। क्षतिग्रस्त केबिन में फंसे लोगों को बाहर निकालना बड़ी चुनौती थी, जिसके चलते टीम ने कटर मशीन का सहारा लिया। लोहे के क्षतिग्रस्त हिस्सों को सावधानीपूर्वक काटकर दोनों व्यक्तियों को बाहर निकाला गया।

​घायल को किया रतलाम रेफर

रेस्क्यू किए गए दोनों लोगों में से एक को गंभीर चोटें आई हैं, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद एंबुलेंस की मदद से तत्काल रतलाम जिला अस्पताल भेजा गया है। वहीं, दूसरे व्यक्ति को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। हादसे के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात को सुचारू कराया और क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाने की कार्रवाई शुरू की।