सामाजिक सरोकार : ब्रह्माकुमारीज के ‘मेरा भारत नशा मुक्त भारत’ अभियान का शुभारंभ

सामाजिक सरोकार : ब्रह्माकुमारीज के ‘मेरा भारत नशा मुक्त भारत’ अभियान का शुभारंभ

⚫ प्रदर्शनी रथ गांव-गांव पहुंचकर देगा नशामुक्ति का संदेश

⚫ 15 दिनों तक चलेगा जनजागृति अभियान

हरमुद्दा
रतलाम, 26 नवंबर। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय, माउंट आबू मुख्यालय द्वारा संचालित "मेरा भारत  नशा मुक्त भारत" अभियान के अंतर्गत अखिल भारतीय नशा मुक्ति प्रदर्शनी रथ अभियान का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर समाजसेवी, मानव सेवा समिति एवं रतलाम विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष श्री गोविंद काकानी, डिप्टी कलेक्टर बहन राधा महंत, डिप्टी कलेक्टर बहन प्रियंका चौरसिया,  सेवाकेंद्र प्रभारी ब्रह्माकुमारी सविता दीदी ,मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद जिला रतलाम के जिला समन्वयक रत्नेश विजयवर्गीय  तथा जावरा से पधारे डॉ. शालिग्राम धाकड़ मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। सभी गणमान्य अतिथियों एवं समाजसेवियों की गरिमामयी उपस्थिति में अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया।

कार्यक्रम में रतलाम सेवा केंद्र प्रभारी ब्रह्माकुमारी सविता दीदी ने अभियान का उद्देश्य बताते हुए कहा कि नशा केवल व्यक्ति के शरीर को ही नहीं, बल्कि उसके मन, परिवार, संस्कार और सामाजिक जीवन को भी प्रभावित करता है। आज आवश्यकता है कि युवाओं को नशे से दूर रखने के साथ उन्हें आत्मबल, आत्मविश्वास और सकारात्मक जीवन जीने की कला सिखाई जाए। उन्होंने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य युवाओं का सर्वांगीण विकास करना, उन्हें व्यसनों से मुक्ति दिलाना, परीक्षाओं के भय एवं तनाव से मुक्त होने का बल प्रदान करना तथा राजयोग की अनुभूति द्वारा आंतरिक शक्तियों का विकास करना है। राजयोग के माध्यम से युवाओं को आध्यात्मिक मूल्यों एवं श्रेष्ठ चरित्र निर्माण के लिए प्रेरित करना भी अभियान का महत्वपूर्ण लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि जब व्यक्ति के विचार सकारात्मक होंगे, तभी उसके जीवन में सकारात्मक परिवर्तन आएगा और वह स्वयं समाज परिवर्तन का प्रतिनिधि बन सकेगा।

नशा मुक्ति समाज आज की सबसे बड़ी जरूरत

मुख्य अतिथि गोविंद काकानी ने अपने शुभकामना संदेश में कहा कि नशा मुक्ति आज समाज की सबसे बड़ी आवश्यकताओं में से एक है। युवाओं को नशे से बचाना केवल परिवार की नहीं, बल्कि पूरे समाज की जिम्मेदारी है। ब्रह्माकुमारीज द्वारा प्रदर्शनी रथ के माध्यम से गांव-गांव जाकर जागरूकता फैलाने की यह पहल सराहनीय है। उन्होंने सभी नागरिकों से इस अभियान में सहभागी बनकर नशामुक्त समाज के निर्माण में सहयोग देने का आह्वान किया।

जागरूकता के लिए सक्रिय भागीदारी आवश्यक

डिप्टी कलेक्टर बहन राधा महंत ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए जागरूकता के साथ-साथ प्रत्येक व्यक्ति की सक्रिय सहभागिता आवश्यक है। विशेष रूप से युवाओं को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराकर उन्हें स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना समय की आवश्यकता है।

शारीरिक और मानसिक क्षमता को नशा करता है प्रभावित

डिप्टी कलेक्टर बहन प्रियंका चौरसिया ने कहा कि नशा व्यक्ति की शारीरिक और मानसिक क्षमता को प्रभावित करने के साथ उसके भविष्य और परिवार की खुशियों को भी नुकसान पहुंचाता है। इस प्रकार के जनजागृति अभियान समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने सभी से नशे से दूर रहने तथा दूसरों को भी जागरूक करने की अपील की।

गंभीर बीमारियों की ओर ले जाता है नशा

मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद जिला रतलाम के जिला समन्वयक रत्नेश विजयवर्गीय ने अपने उद्बोधन में नशे के बदलते स्वरूप और विशेषकर युवाओं में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने बताया कि आजकल बच्चे एक सिगरेट के सेवन को भी सामान्य समझने लगते हैं, जबकि इसकी शुरुआत आगे चलकर गंभीर लत का रूप ले सकती है। उन्होंने सिगरेट एवं अन्य नशीले पदार्थों से होने वाले हानिकारक प्रभावों की जानकारी देते हुए बताया कि नशा शरीर को बीमारियों की ओर ले जाने के साथ व्यक्ति की सोच, निर्णय क्षमता और जीवन को भी प्रभावित करता है। उन्होंने सभी को नशे के प्रति सजग रहने, बच्चों को सही मार्गदर्शन देने तथा जागरूकता के माध्यम से इस हानिकारक प्रवृत्ति से बचने के उपाय अपनाने का संदेश दिया।

अभियान की हुई सराहना

इस अवसर पर जावरा के डॉ. शालिग्राम धाकड़ भी अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। अन्य गणमान्य अतिथियों एवं समाजसेवियों ने भी अभियान की सराहना करते हुए नशामुक्त भारत के निर्माण में अपनी सहभागिता निभाने का संकल्प व्यक्त किया।

देगा नशा मुक्ति का संदेश

यह प्रदर्शनी रथ आगामी 15 दिनों तक विभिन्न गांवों, शहरों, विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं सामाजिक संस्थानों में पहुंचकर नशामुक्ति का संदेश देगा। रथ के माध्यम से चित्र प्रदर्शनी, चलचित्रों एवं ज्ञानवर्धक संदेशों द्वारा तंबाकू, गुटखा, शराब, बीड़ी, सिगरेट एवं अन्य नशीले पदार्थों के शारीरिक, मानसिक, पारिवारिक और सामाजिक दुष्परिणामों की जानकारी दी जाएगी। साथ ही राजयोग मेडिटेशन के माध्यम से तनाव मुक्ति, मन की एकाग्रता, आत्मविश्वास और आंतरिक शक्तियों के विकास का महत्व समझाया जाएगा।