सामाजिक सरोकार : हस्तीलाल लोढ़ा का निधन, नेत्रदान करवाए
⚫ बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए अंतिम यात्रा में
हरमुद्दा
सैलाना, 26 नबंवर। स्वर्गीय बापूलाल लोढ़ा के ज्येष्ठ पुत्र काटन व्यवसाई हस्तीमल लोढ़ा का 72 वर्ष की आयु में लम्बी बीमारी के बाद निधन हो गया।वे व्यवसाई पंकज लोढ़ा,रूपेश लोढ़ा और विदिशा की महिला बाल विकास विभाग की उप संचालक विनीता लोढ़ा के पिता थे।मरणोपरांत परिजनों की सहमति से उनके नेत्रदान कराए गए। जाते जाते भी वे दो लोगों को आँखों की रोशनी दे कर संसार से बिदा हुए।

नेत्रदान के लिए समाजजनों ने किया प्रेरित
कुछ बरस पूर्व तक केवल शहरी क्षेत्रों में ही चुनिंदा नेत्रदान की खबरें प्रकाश में आती थी।पर अब इस पुनीत कार्य में ग्रामीण क्षेत्र भी सहभागी बनने लगा हैं।सुबह जैसे ही ये खबर शहर में फैली वैसे ही सामाजिक कार्यकर्ता अर्पित रांका, राजेश लोढ़ा, सम्यक रांका ने परिजनों को प्रेरित किया कि नेत्रदान करवाए ताकि दो लोगों के जीवन में उजाला आ सके। इन प्रयासों से लोढ़ा की धर्मपत्नी और तीनों बच्चों ने नेत्रदान पर सहमति प्रदान कर दी।
नेत्रम संस्था के हेमन्त मूणत ने बताया कि नेत्रदान की सहमति मिलते ही गीता भवन न्यास,बड़नगर के ट्रस्टी एवम् नेत्रदान प्रभारी जी एल दादरवाल को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही डॉ दादरवाल तुरंत बड़नगर से अमले के साथ सैलाना पहुंचे और नेत्रदान प्रक्रिया को सफलतापूर्वक संपन्न किया।इस अवसर पर समाजसेवी विजय डोशी, आशीष लोढ़ा,पुत्र रूपेश लोढ़ा,अनिल चंडालिया,सिद्धार्थ संघवी सहित अन्य उपस्थित रहे।
कुछ माह पूर्व इसी परिवार से नेत्रदान करवाए
उल्लेखनीय हैं कि कुछ माह पूर्व हस्तीमल लोढ़ा के चचेरे बड़े भाई समाजसेवी मुथरालाल लोढ़ा के निधन पर भी लोढ़ा परिवार ने उनके नेत्रदान भी करवाए थे। नेत्रम संस्था के मूणत ने बताया कि ग्रामीण अंचल में भी ये समझ तेजी से बढ़ रही हैं कि मरणोपरांत नेत्रदान कराए जाने चाहिए। जरूरतमंदों को रोशनी देने के इस अभियान से जुड़े हर शख्स की सराहना की जानी चाहिए।उन्होंने मेडिकल कॉलेज प्रबंधन और जिला प्रशासन से आग्रह किया कि मेडिकल कॉलेज में नेत्रदान के लिए वाहन और अमला 24 घंटे तैनात रहना चाहिए।कई बार इन चीजों के अभाव में सामाजिक कार्यकर्ताओं के प्रयास छोटे पड़ जाते हैं और नेत्रदान के राष्ट्रीय अभियान को बल नहीं मिल पाता हैं।
बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए अंतिम यात्रा में
लोढ़ा के निवास से निकली उनकी अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में समाजजन और गणमान्यजन शामिल हुए।समाज के वरिष्ठ बसंतीलाल संघवी,विजय डोशी, अशोक चंडालिया, देवेन्द्र बांठिया, प्रकाश रांका, महेन्द्र सुराणा, पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष जगदीश पाटीदार, शान्तिवन जीर्णोद्धार समिति अध्यक्ष राजेंद्र शुक्ला,पत्रकार विमल कटारिया, वीरेन्द्र त्रिवेदी सहित अनेक नगरवासियों ने अपनी शोक संवेदना व्यक्त की। शोक सभा का संचालन संजय मांडोत ने किया।मुखाग्नि दोनों पुत्रों पंकज और रूपेश ने दी।
संस्था ने हाथोंहाथ प्रमाणपत्र दिया

नेत्रम संस्था ने लोढ़ा परिवार की सराहना करते हुए उनके निवास पर परिजनों को सम्मान प्रमाणपत्र दिया।
Hemant Bhatt