धर्म संस्कृति : गुप्त नवरात्र में श्री शिव शक्ति हनुमत महायज्ञ की शुरुआत 19 जनवरी से
⚫ श्री गोपाल मंदिर माणक चौक से निकलेगी भव्य कलश यात्रा
⚫ पंपलेट का हुआ विमोचन
⚫ दीनदयाल नगर स्थित यज्ञशाला पंडाल में हुई धार्मिक एवं सामाजिक संगठनों की बैठक
हरमुद्दा
रतलाम, 15 जनवरी। गुप्त नवरात्रि में श्री शिव शक्ति हनुमत महायज्ञ का आयोजन 19 जनवरी से किया जाएगा। परम पूज्य गुरुदेव श्री श्री 1008 हिंदूरत्न आनन्द गिरि जी महाराज के आचार्यत्व में श्री शिव शक्ति हनुमत महायज्ञ का आयोजन होगा। पूर्णाहुति 25 जनवरी को होगी। 51 कुंडीय महायज्ञ के आयोजन को लेकर तैयारी चल रही है।

आयोजक शिवोदय श्री शिव शक्ति साधना सेवा समिति अध्यक्ष युवराज सिंह परिहार एवं धर्मनिष्ठ जनक नागल ने बताया कि परम पूज्य महामंडलेश्वर श्री श्री 1008 देवस्वरूपानंद जी महाराज, अखंड ज्ञान आश्रम के महंत श्री नरेंद्र गिरी जी महाराज,
महर्षि संजय शिवशंकर दवे, काजल गुरु जागीरदार, राजराजेश्वरी देवी की मौजूदगी में आयोजन होगा। यज्ञ में गोमाता संरक्षण से संबंधित पेम्पलेट का विमोचन भी किया गया।
यज्ञशाला में हुई बैठक
शिवोदय श्री शिव शक्ति साधना सेवा समिति के बैनर तले श्री राधा कृष्ण स्कूल परिसर दीनदयाल नगर में होने वाले यज्ञ महायज्ञ की तैयारियों को लेकर नगर के समस्त समाजजनों एवं सभी धार्मिक, सामाजिक संस्थाओं के पदाधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक दीनदयाल नगर स्थित यज्ञशाला पंडाल में हुई।
पाँच-पाँच मंजिला ऊँचे यज्ञ मंडप एवं यज्ञशाला का दर्शन
उपस्थित पदाधिकारियों एवं समाजजनों ने पाँच-पाँच मंजिला ऊँचे यज्ञ मंडप एवं यज्ञशाला का दर्शन कर व्यवस्थाओं का प्रत्यक्ष अवलोकन किया। बैठक में महायज्ञ को सुव्यवस्थित, भव्य एवं ऐतिहासिक रूप से सफल बनाने के लिए गहन चिंतन–मनन किया गया
श्री गोपाल मंदिर से 19 जनवरी को निकलेगी भव्य कलश यात्रा
महायज्ञ के शुभारंभ अवसर पर 19 जनवरी को प्रातः 09 बजे श्री गोपाल मंदिर माणकचौक से निकलने वाली भव्य एवं दिव्य कलश यात्रा को सफल बनाने के लिए समस्त समाजों के पदाधिकारियों द्वारा पूर्ण सहयोग देने की सर्वसम्मति से स्वीकृति प्रदान की गई। यज्ञकुंड में आहुतियां के लिए अधिक से अधिक परिवारों को शामिल होने के लिए आग्रह किया गया। यज्ञ की पूर्णाहुति 25 जनवरी को होगी।
1 जनवरी से चल रहा है यज्ञशाला का निर्माण
उल्लेखनीय है कि मंडप एवं यज्ञशाला का निर्माण कार्य 1 जनवरी से प्रारंभ होकर अब अपने अंतिम चरण में है, जिसमें समाजजनों का सराहनीय सहयोग प्राप्त हो रहा है। इसी दिन सभी भक्तजनों द्वारा यज्ञशाला स्थल से दीनदयाल नगर क्षेत्र में जन-जागृति के लिए संध्या फेरी का शुभारंभ किया गया, जो प्रतिदिन महायज्ञ के प्रारंभ तक निरंतर जारी रहेगी।
यह थे मौजूद
बैठक में पं. जितेंद्र नागर, नवनीत सोनी, राजेंद्र राठौड़, अनिता कटारिया, जीवन ज्योति सहित क्षेत्रीय पार्षद संगीता सोनी, कविता चौहान, मनोहर राजू सोनी, अभय सोनी, पूर्व पार्षद राजेन्द्र राठौर अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे। संचालन कृष्णा सोनी ने किया। आभार जनक नागल ने माना।
Hemant Bhatt