हादसा : रतलाम की इंडियन बैंक में लगी आग, लॉकर सुरक्षित
⚫ केश काउंटर व कुछ कंप्यूटर जले
⚫ ग्राहकों को चिंता करने की कोई बात नहीं, दूसरी शाखा में होगा काम : बैंक मैनेजर
⚫ सोमवार से पुनः बैंक में कार्य शुरू होने की संभावना
हरमुद्दा
रतलाम, 13 मार्च। रतलाम के पैलेस रोड क्षेत्र स्थित इंडियन बैंक में शुक्रवार सुबह अचानक आग लग गई। आग से बैंक के कुछ कंप्यूटर और कैश काउंटर जला है। लॉकर और डाटा सभी सुरक्षित है। ग्राहकों को चिंता करने की कोई बात नहीं है। पावर हाउस रोड शाखा पर ग्राहक अपना कार्य करवा सकते हैं। सोमवार से बैंक का काम सुचारू शुरू होने की संभावना है।

बैंक मैनेजर राजीव गोधरा
बैंक मैनेजर राजीव गोधरा ने हरमुद्दा से चर्चा में बताया कि शुक्रवार को सुबह तकरीबन 7:00 बजे बैंक से धुंआ निकलता नजर आया। सायरन बजने लगा। सूचना मिलते ही मैं और स्टाफ मौके पर पहुंचे। फायर ब्रिगेड की गाड़ियां तत्काल आई और आग पर काबू पा लिया गया। बैंक परिसर में ही दो अग्निशमन यंत्र भी लगे हुए थे, मगर उन तक पहुंच पाना भी मुश्किल था।

बैंक के मुख्य द्वार पर रखे अग्निशमन यंत्र
डेटा और लाकर सुरक्षित
बैंक मैनेजर श्री गोधरा ने बताया कि आग की घटना में कैश काउंटर और कंप्यूटर प्रभावित हुए हैं। बैंक में तकरीबन 10000 ग्राहक हैं। ग्राहकों को चिंता करने की कोई बात नहीं है। डेटा और लॉकर भी सुरक्षित है। दल द्वारा जांच की जा रही है। शार्ट सर्किट से आग लगी है या कोई अन्य कारण है। जांच रिपोर्ट के पश्चात ही स्पष्ट हो सकेगा।

निरीक्षण करते हुए जांच दल के अधिकारी
दूसरी शाखा पर कार्य सुचारू जारी
श्री गोधरा ने बताया कि बैंक संबंधी कार्य फिलहाल पावर हाउस रोड स्थित शाखा पर किया जा रहा है, जो भी यहां के ग्राहक हैं, वे वहां जाकर अपना कार्य करवा सकते हैं। लॉकर की सुविधा अभी बंद रहेगी। सोमवार से सुचारू रूप से कार्य शुरू होने की संभावना है।

बैंक परिसर हो गया काला काला और पानी पानी
आग बुझाने में तकरीबन 1 घंटे का समय लगा। पूरा बैंक का परिसर आग और धुएं से काला काला हो गया। फर्श पर पानी पानी हो गया। साफ सफाई चल रही है। बैंक में आग की घटना के बाद आस पास वाले सहम गए। आग पर तत्काल काबू पाने से लोगों ने राहत की सांस ली।
Hemant Bhatt