संदिग्ध परिस्थितियों में किशोर का घर की तीसरी मंजिल पर फंदे से लटका मिला शव

संदिग्ध परिस्थितियों में किशोर का घर की तीसरी मंजिल पर फंदे से लटका मिला शव

⚫​ भांभी मोहल्ला की घटना की

⚫ पिता और बड़े भाई के साथ किराना व्यवसाय में हाथ बंटाता था नाबालिग

⚫​आत्महत्या के कारणों का फिलहाल खुलासा नहीं, 

⚫ दीनदयाल नगर थाना पुलिस जांच में जुटी

हरमुद्दा
​रतलाम, 25 नवंबर। शहर के भांभी मोहल्ला में बुधवार दोपहर उस समय मातम पसर गया, जब एक 17 वर्षीय किशोर ने अपने ही घर की तीसरी मंजिल पर फांसी लगाकर जीवनलीला समाप्त कर ली। मृतक की पहचान निलेश पिता दीपक मोटिया (17) के रूप में हुई है। कम उम्र में किशोर द्वारा उठाए गए इस आत्मघाती कदम से परिजन सदमे में हैं और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।

मृतक निलेश

जानकारी के अनुसार, बुधवार दोपहर निलेश घर की तीसरी मंजिल पर बने कमरे में गया था। काफी देर तक जब वह नीचे नहीं लौटा, तो उसकी मां को चिंता हुई और वे उसे देखने ऊपर गईं। कमरे के अंदर का दृश्य देख मां के पैरों तले जमीन खिसक गई। निलेश साड़ी के फंदे पर लटका हुआ था। मां की चीख-पुकार सुनकर परिजन और आसपास के रहवासी तुरंत मौके पर दौड़े। आनन-फानन में निलेश को फंदे से नीचे उतारा गया और उपचार के लिए जिला चिकित्सालय ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

व्यवसाय में पिता का हाथ बंटाता था मृतक

परिजनों ने बताया कि निलेश घर में सबसे छोटा था। उसका बड़ा भाई हिमांशु है। निलेश और हिमांशु अपने पिता दीपक मोटिया के साथ ग्राम सागोद में किराना दुकान का संचालन करते थे, जबकि मां घर पर ही आटा चक्की चलाकर परिवार का सहयोग करती हैं। एक हंसते-खेलते और कामकाजी परिवार के सबसे छोटे बेटे द्वारा अचानक ऐसा कदम उठाना हर किसी को स्तब्ध कर रहा है।

पुलिस जांच में जुटी

घटना की सूचना मिलते ही दीनदयाल नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भिजवाया है। फिलहाल किशोर ने यह आत्मघाती कदम क्यों उठाया, इसके पीछे के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस परिजनों के बयान दर्ज कर मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।