भरोसे का कत्ल: कलेक्शन के 8.15 लाख की लूट में ड्राइवर ही निकला मास्टरमाइंड

भरोसे का कत्ल: कलेक्शन के 8.15 लाख की लूट में ड्राइवर ही निकला मास्टरमाइंड

⚫ चालक और दो दोस्त गिरफ्तार

⚫ 6.21 लाख और बाइक बरामद

⚫ 400 से 500 सीसी टीवी फुटेज खंगाले

⚫ पुलिस ने खोली भरोसे की पोल

हरमुद्दा
​रतलाम, 27 नवंबर। विश्वास का सौदा जब लालच में बदल जाए, तो करीबी ही सबसे बड़ा दुश्मन बन जाता है। थाना स्टेशन रोड रतलाम क्षेत्र में 19 नवंबर को हुए 8 लाख 15 हजार रुपये से अधिक के कलेक्शन लूटकांड का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। चौंकाने वाली बात यह है कि यह लूट किसी बाहरी गिरोह ने नहीं, बल्कि फरियादी के भरोसेमंद ड्राइवर ने ही अपने दो साथियों के साथ मिलकर रची थी। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लूटी गई राशि में से 6 लाख 21 हजार रुपये नकद और वारदात में इस्तेमाल बाइक जब्त कर ली है।

पत्रकार वार्ता में जानकारी देते पुलिस अधीक्षक

पुलिस कंट्रोल रूम पर हुई पत्रकार वार्ता में पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि ​जूनी इंदौर निवासी कन्फेक्शनरी कारोबारी हर्षित चंदाना (34) 19 नवंबर को रतलाम, मंदसौर और नीमच से कलेक्शन के कुल 8,15,510 रुपये लेकर कार (MP09DJ9076) से वापस इंदौर लौट रहे थे। इसी दौरान महू-नीमच रोड पर महिंद्रा शोरूम के सामने बाइक सवार बदमाशों ने रुपयों से भरा बैग छीन लिया और फरार हो गए। मामले में थाना स्टेशन रोड में अपराध क्रमांक 908/2026, धारा 309(6) BNS के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई।

​कैसे खुली भरोसे की पोल?

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि ​जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल से 150-200 किमी के दायरे में लगे 400 से 500 सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले और साइबर व तकनीकी साक्ष्यों की मदद ली। शुरुआत से ही फरियादी के ड्राइवर गजानंद उर्फ गोलू भिड़े के बयान संदिग्ध और असंतोषजनक लग रहे थे।

तो किया वारदात को अंजाम देना कबूल

​पुलिस टीम ने जब ड्राइवर की गतिविधियों और संगत पर नजर रखी, तो सामने आया कि वह इंदौर में अपने दोस्तों चेतन मंडलोई और राजकुमार रायकवार के साथ उठता-बैठता है तथा दोनों चुपचाप आवाजाही कर रहे हैं। संदेह के आधार पर पुलिस ने चेतन और राजकुमार को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की, तो पूरी साजिश बेनकाब हो गई। तीनों ने मिलकर लूट की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया।

​क्या-क्या हुआ जब्त?

​नकदी: 6,21,000 रुपये (लूटी गई राशि में से)
​वाहन: वारदात में प्रयुक्त लाल-काले रंग की टीवीएस अपाचे बाइक (MP-09-AJ-8246), कीमत करीब 1 लाख रुपये
​अन्य सामान: काले रंग का बैग और कलेक्शन से जुड़े दस्तावेज

​गिरफ्तार आरोपी

⚫ गजानंद उर्फ गोलू पिता विष्णु भिड़े (33 वर्ष) – निवासी रंगवासा, राउ, जिला इंदौर (मुख्य साजिशकर्ता / ड्राइवर)

⚫​ चेतन पिता कमल मंडलोई (26 वर्ष) – निवासी द्वारकापुरी, जिला इंदौर

⚫​ राजकुमार पिता जीवनलाल रायकवार (37 वर्ष) – निवासी बीजलपुर, राजेंद्र नगर, जिला इंदौर

​महत्वपूर्ण भूमिका

इस कार्रवाई में निरीक्षक मुनेन्द्र गौतम थाना प्रभारी स्टेशन रोड, निरीक्षक अय्युब खान थाना प्रभारी बिलपांक, निरीक्षक जितेन्द्रसिंह जादौन थाना प्रभारी रिंगनोद, उप निरीक्षक दीपक यादव, गुलाबसिंह, प्रधान आरक्षक अभिषेक पाठक, निलेश पाठक, दिलीप, मुकेश चौहान, सायबर सेल प्रधान आरक्षक मनमोहन शर्मा, आरक्षक मयंक व्यास, तुषार, रवि चन्देल, हेमन्त यादव, मोहन पाटीदार, रितेश यादव, दीपक वसुनिया, जीवन विश्वकर्मा, माखन सिंह, रोशन राठौर, नारायणसिंह की सराहनीय भूमिका रही।