रतलाम में गूंजेंगे 'सोनाणा खेतलाजी' के जयकारे, काल भैरव अष्टमी पर सजेगा दो दिवसीय भव्य धार्मिक महोत्सव
⚫ 30 नवंबर को मोहन बाग में 'एक शाम श्री सोनाणा खेतलाजी जुनीधाम के नाम' भजन संध्या
⚫ देशभर के प्रसिद्ध कलाकार देंगे प्रस्तुति
⚫ 1 दिसंबर को निकलेगी भव्य रथ यात्रा,
⚫ 56 भोग और महाआरती के साथ होगा महाप्रसादी का आयोजन
हरमुद्दा
रतलाम, 25 नवंबर। धर्म और संस्कृति की पावन नगरी रतलाम में आस्था और भक्ति का एक और भव्य संगम देखने को मिलेगा। श्री सोनाणा खेतलाजी जुनीधाम की अखंड ज्योत से कोमल नगर स्थित श्री सिद्धेश्वर हनुमान मंदिर प्रांगण में प्रतिष्ठित सोनाणा खेतलाजी श्री सिद्धेश्वर भैरव देव मंदिर के दसवें स्थापना वर्ष के उपलक्ष्य में दो दिवसीय 'काल भैरव अष्टमी महोत्सव' का भव्य आयोजन होगा यह संपूर्ण आयोजन जुनीधाम सोनाणा खेतलाजी के परम उपासक एवं कोमल नगर खेतलाजी धाम के गादीपति प्रमोद कुमार जैन (सालेचा औरा) के पावन सान्निध्य में होगा।

भक्ति और संगीत से सजेगी पहली शाम
महोत्सव के प्रथम दिन, 30 नवंबर 2026 को सैलाना रोड स्थित मोहन बाग में "एक शाम श्री सोनाणा खेतलाजी जुनीधाम के नाम" विशाल भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा। इस भक्तिमय संध्या में देश के सुप्रसिद्ध भजन गायक देवेंद्र सिंह पवार (लाल मस्ताना, भीलवाड़ा), हिना डांगी (मंदसौर), अदिति कोठारी (इंदौर) और बाल कलाकार तन्मय परिहार (सैलाना) अपनी सुमधुर वाणी से भजनों की सरिता बहाएंगे। इसके साथ ही राजस्थान की प्रसिद्ध नृत्य जोड़ी नंबर वन हेमसिंह-धर्मेंद्र सिंह अपनी मनमोहक प्रस्तुतियों से समा बांधेंगे।

भव्य रथ यात्रा, 56 भोग और महाप्रसादी
महोत्सव के दूसरे दिन, 1 दिसंबर 2026 को दोपहर 2:00 बजे श्री राम मंदिर से बैंड-बाजों और ढोल-ताशों की गूंज के साथ श्री सोनाणा खेतलाजी की भव्य रथ यात्रा निकाली जाएगी। नगर के प्रमुख मार्गों से होती हुई यह रथ यात्रा कोमल नगर स्थित श्री सिद्धेश्वर हनुमान मंदिर पहुंचेगी। यात्रा के समापन पर भक्तगण नाचते-गाते हुए श्री भैरवजी को 56 भोग अर्पित करेंगे और महाआरती की जाएगी। इसके पश्चात महोत्सव में पधारे समस्त श्रद्धालुओं के साथ-साथ कोमल नगर और गणेश नगर के सभी रहवासियों के लिए विशाल भोजन प्रसादी (भंडारे) का आयोजन रखा गया है।
गणमान्य अतिथियों की रहेगी गरिमामयी उपस्थिति
इस दो दिवसीय धार्मिक आयोजन में श्री नाकोड़ा धाम नागदा के गादीपति मुकेश सुरेशचंद्रजी (मामाजी) जैन एवं श्री सोनाणा खेतलाजी जुनीधाम ट्रस्ट कमेटी अध्यक्ष प्रकाशवन गोस्वामी विशेष रूप से पधारेंगे। इसके अलावा जनप्रतिनिधियों में रतलाम महापौर प्रहलाद पटेल, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय तथा युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष मयंक जाट भी कार्यक्रम की शोभा बढ़ाएंगे।
पत्रिका लेखन का अनुष्ठान

आयोजन की तैयारियों के तहत कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर मंदिर परिसर में भक्तिमय वातावरण में सभी देवी-देवताओं के नाम की पत्रिका लेखन का अनुष्ठान भी संपन्न हो चुका है। आयोजक श्री सोनाणा खेतलाजी जुनीधाम के भक्तगण एवं श्री सिद्धेश्वर हनुमान मंदिर समिति ने नगर की धर्मप्रेमी जनता से सपरिवार पधारकर धर्मलाभ लेने का आग्रह किया है।
Hemant Bhatt