रतलाम पुलिस की त्वरित कार्रवाई: रावटी थाना क्षेत्र में जीजा ने कर दी साले की हत्या
⚫ जीजा ने साले के गुप्तांग पर मारी लात
⚫ आरोपी जीजा को कुछ ही घंटों में किया गिरफ्तार
⚫ मृत्यु भोज में शामिल हुए थे सभी रिश्तेदार
हरमुद्दा
रतलाम, 17 अक्टूबर। जिले के थाना रावटी अंतर्गत ग्राम आकड़िया में हुई एक सनसनीखेज घटना में पुलिस ने त्वरित और सराहनीय कार्रवाई की है। पुलिस ने आपसी विवाद के दौरान युवक की जान लेने वाले मुख्य आरोपी को घटना के कुछ ही घंटों के भीतर ग्राम देवला के जंगल से घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया है।
घटना का संक्षिप्त विवरण
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार 15 अक्टूबर 2026 को ग्राम आकड़िया निवासी भीमजी के भाई गोवर्धन के घर मोसर (मृतक भोज) का कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इस कार्यक्रम में परिवार के अन्य रिश्तेदारों के साथ-साथ फरियादी का दामाद गलिया कटारा भी शामिल हुआ था।
बेटी के साथ मारपीट कर रहा था दामाद

कार्यक्रम के दौरान आरोपी गलिया अपनी पत्नी सपना के साथ मारपीट कर रहा था। जब फरियादी भीमजी ने बीच-बचाव करते हुए इसका विरोध किया और कारण पूछा, तो आरोपी ने उनके साथ भी गाली-गलौज और मारपीट शुरू कर दी।
जीजा ने साले के गुप्तांग पर मारी लात
इस बीच, फरियादी का पुत्र पप्पू गामड़ बीच-बचाव करने आगे आया। आरोप है कि आरोपी ने रंजिश व गुस्से में पप्पू के गुप्तांग पर जोरदार लात मार दी, जिससे वह बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़ा। परिजन उसे तुरंत शासकीय अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसका इलाज कराया गया। 16 अक्टूबर को हालत में कुछ सुधार होने पर परिजन उसे घर ले आए, लेकिन उसी रात अचानक उसकी तबीयत फिर से बिगड़ गई और उसकी मृत्यु हो गई।
पुलिस ने किया प्रकरण दर्ज
फरियादी की शिकायत पर थाना रावटी में अपराध क्रमांक 697/2026, धारा 296(ए), 115(2), 103(1) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई और गिरफ्तारी
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने तत्काल एक्शन लिया।
मार्गदर्शन: पुलिस अधीक्षक रतलाम अमित कुमार के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश पंद्रो एवं एसडीओपी सैलाना लेखराज मीणा (भा.पु.से.) के मार्गदर्शन में टीम का गठन किया गया।
नेतृत्व: थाना प्रभारी रावटी निरीक्षक मनीष डावर के नेतृत्व में पुलिस बल लगातार आरोपी की तलाश में जुटा रहा।
दबिश: मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने ग्राम देवला के जंगल में दबिश दी और चारों तरफ से घेराबंदी कर आरोपी गलिया पिता नागू कटारा को हिरासत में ले लिया।
गिरफ्तार आरोपी का विवरण
⚫ नाम: गलिया पिता नागू कटारा
⚫ निवासी: ग्राम सिंगत मऊड़ा, थाना रावटी, जिला रतलाम
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले में अग्रिम वैधानिक एवं विवेचनात्मक कार्रवाई जारी है।
Hemant Bhatt