रतलाम कलेक्टर के नाम और फोटो का उपयोग कर साइबर ठगी की कोशिश,
⚫ फर्जी नंबर से सावधान रहने की अपील
हरमुद्दा
रतलाम, 8 सितंबर। जिले के कलेक्टर अजय कटेसरिया के नाम और प्रोफाइल फोटो का गलत इस्तेमाल कर धोखाधड़ी करने की कोशिश का एक गंभीर मामला सामने आया है। साइबर अपराधियों द्वारा एक इंटरनेशनल फर्जी व्हाट्सएप नंबर (+639615402077) के जरिए विभिन्न लोगों और अधिकारियों-कर्मचारियों को व्हाट्सएप मैसेज भेजे जा रहे हैं। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह मोबाइल नंबर कलेक्टर का अधिकृत नंबर नहीं है।

मामले की जानकारी मिलते ही कलेक्टर अजय कटेसरिया ने जिले के आम नागरिकों, अधिकारियों और कर्मचारियों से सतर्क रहने की अपील की है। उन्होंने कहा है कि यदि इस नंबर या किसी अन्य अनधिकृत नंबर से उनके नाम, पद या फोटो का उपयोग कर कोई भी मैसेज मिलता है, तो उस पर बिल्कुल भी भरोसा न करें। ऐसे संदिग्ध मैसेज के माध्यम से पैसों की मांग या अन्य तरह की साइबर ठगी की जा सकती है।
किसी भी मैसेज या पैसों की मांग पर न दें प्रतिक्रिया
कलेक्टर श्री कटेसरिया ने नागरिकों को आगाह करते हुए कहा कि मोबाइल नंबर +639615402077 पूरी तरह फर्जी है। इस नंबर से प्राप्त किसी भी मैसेज, कॉल या पैसों की मांग पर कोई प्रतिक्रिया न दें। इसके अलावा किसी भी अज्ञात बैंक खाते, यूपीआई (UPI) या अन्य डिजिटल माध्यम से धनराशि का भुगतान बिल्कुल न करें।
साइबर अपराध से बचाव के लिए जरूरी बातें
पहचान की पुष्टि करें: वरिष्ठ अधिकारियों या प्रतिष्ठित व्यक्तियों के नाम और फोटो वाले अनजान नंबरों से आए मैसेज की तुरंत पुष्टि करें।
गोपनीय जानकारी न दें: किसी भी स्थिति में अपनी व्यक्तिगत जानकारी, बैंक डिटेल, ओटीपी (OTP) या पासवर्ड किसी के साथ साझा न करें।
आर्थिक लेन-देन से बचें: अनजान या संदिग्ध नंबरों से आए किसी भी अनुरोध पर पैसे न ट्रांसफर करें।
जिला प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे ऐसे साइबर ठगों के झांसे में न आएं और सतर्कता बरतते हुए साइबर अपराध से सुरक्षित रहें।
Hemant Bhatt