सामाजिक सरोकार : वरिष्ठ नागरिक समाज की अमूल्य धरोहर, उनका अनुभव नई पीढ़ी का मार्गदर्शक
⚫ वृद्धाश्रम में विद्यार्थियों ने किया बुजुर्गों का सम्मान
हरमुद्दा
रतलाम, 8 सितंबर। वरिष्ठ नागरिक हमारे समाज की अनमोल धरोहर हैं। उनके जीवन का व्यावहारिक ज्ञान और लंबा अनुभव नई पीढ़ी को सही दिशा दिखाने का कार्य करता है।

यह विचार अटल वयो अभ्युदय योजना के तहत सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग द्वारा विरियाखेड़ी स्थित वृद्धाश्रम में आयोजित विशेष कार्यक्रम में समग्र स्वच्छता विस्तार अधिकारी आयुषी पालीवाल ने व्यक्त किए। कार्यक्रम में जवाहर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के विद्यार्थियों ने सहभागिता कर सामाजिक सरोकार का संदेश दिया।

इस अवसर पर प्रशासनिक अधिकारी रवि जैन ने कहा कि हमारी समृद्ध संस्कृति, मानवीय मूल्य और सांस्कृतिक परंपराएं वरिष्ठजनों के माध्यम से ही अगली पीढ़ी तक हस्तांतरित होती हैं। इसलिए समाज में उनका समुचित सम्मान और देखभाल निरंतर होना आवश्यक है। वरिष्ठ शिक्षिका विनीता ओझा ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि बुजुर्गों की सेवा करना तीर्थ यात्रा के समान है। वे उस मजबूत बुनियाद की तरह हैं जिस पर पूरा परिवार और समाज टिका होता है।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से जीता दिल

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने बुजुर्गों के चरण स्पर्श कर उनका आशीर्वाद लिया। ओम प्रकाश आर्य, नानू सिंग डामोर और विद्यार्थियों ने संगीत व चित्रकला की मनमोहक प्रस्तुतियां देकर वरिष्ठ नागरिकों का मनोरंजन किया, जिससे आश्रम का माहौल आत्मीयता और उत्साह से भर गया।
यह रहे सहयोगी
कार्यक्रम में विभागीय सहयोगी के रूप में दिलीप सिसोदिया, अमित मईडा, स्वेच्छा विश्वकर्मा, शिवानी अवस्थी, कैलाश पटेल, जयंत सेठिया और दीपिका मालवीय सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। संचालन रवि जैन ने किया। आभार कविता डिक्रूज ने व्यक्त किया।
Hemant Bhatt