रतलाम में खूनी वारदात: मंगेतर से मिलकर लौट रहे दो की पत्थर व लाठियों से पीट-पीटकर हत्या

रतलाम में खूनी वारदात: मंगेतर से मिलकर लौट रहे दो की पत्थर व लाठियों से पीट-पीटकर हत्या

एक गंभीर घायल

⚫ सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची  

⚫ घायलों को  अस्पताल पहुंचाया

हरमुद्दा
​रतलाम, 3 सितंबर। जिले के आदिवासी अंचल स्थित दौलतपुरा-भैरुघाट क्षेत्र में अज्ञात बदमाशों ने दुस्साहसिक वारदात को अंजाम देते हुए दो युवकों की नृशंस हत्या कर दी, जबकि उनका एक साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया और तत्काल वरिष्ठ अधिकारी दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे।


​प्राप्त जानकारी के अनुसार, रमेश, गोपाल और करण दौलतपुरा से अपनी मंगेतर से मुलाकात कर बाइक से लौट रहे थे। इसी दौरान भैरुघाट के समीप घात लगाए बैठे 10 से 12 अज्ञात हमलावरों ने उन्हें घेर लिया और लाठी-डंडों व पत्थरों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में तीनों युवक लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़े।

इलाज के दौरान दो ने तोड़ा दम

घायल करण

हमले में सिर पर गंभीर चोट लगने के कारण रमेश (18) पिता वरसिंह भाभर, निवासी धभाईखेड़ी (अडवानिया) की अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही मौत हो गई। वहीं, गंभीर रूप से घायल दूसरे साथी गोपाल (16) पिता गोवर्धन चरपोटा ने सैलाना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।

तीसरे साथी ने भागकर बचाई जान, डायल-112 पर दी सूचना

वारदात के दौरान तीसरा साथी करण (17) पिता मनसुख मईड़ा किसी तरह अपनी जान बचाकर मौके से भागने में सफल रहा। करण ने हिम्मत दिखाते हुए तत्काल 'डायल-112' पर पुलिस को हमले की सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने सभी को अस्पताल पहुंचाया और करण के बयानों के आधार पर अज्ञात आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस की दबिश

पुलिस ने मर्ग कायम कर शवों को पोस्टमार्टम कर परिजनों को दे दिए। अज्ञात हमलावरों की पहचान और हमले के कारणों का पता लगाने के लिए आसपास के क्षेत्रों में दबिश दी जा रही है।