पोस्ट पर विवाद : रतलाम सिंधी समाज अध्यक्ष के बेटे सहित चार ने की तोड़फोड़, जान से मारने की दी धमकी
⚫ घटना सीसीटीवी में हुई दर्ज
⚫ पुलिस ने किया चार के खिलाफ प्रकरण दर्ज
हरमुद्दा
रतलाम, 20 फरवरी। व्हाट्सएप पर हुई पोस्ट के बाद सिंधी समाज अध्यक्ष के बेटे ने अन्य लोगों के साथ मिलकर एक व्यक्ति घर पर तोड़फोड़ की। जान से मारने की धमकी दी। पूरा मामला सीसीटीवी में कैद हो गया। फरियादी की रिपोर्ट पर थाना औद्योगिक क्षेत्र पुलिस ने चार के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
औद्योगिक थाना क्षेत्र पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार वरदान नगर निवासी कमल गुरनानी ने शहर के औद्योगिक क्षेत्र थाने में शिकायत दर्ज करवाई।
मामला बुधवार की रात का
श्री गुरनानी ने बताया कि बुधवार रात करीब 11.20 बजे गौरव सतवानी अपने साथियों नीरज सतवानी, कार्तिक सैनी और अमित वोहरा के साथ चार पहिया वाहन से उनके घर पहुंचे। चारों के हाथ में डंडे थे। उन्होंने दरवाजा खटखटाकर बाहर बुलाने का प्रयास किया। लोहे का गेट बंद होने के कारण वे अंदर प्रवेश नहीं कर सके।
गाली गलौज करते हुए गाड़ी की कांच और हैड लाइट फोड़ी
गाली-गलौज करते हुए बाहर खड़ी कार (एमपी 43 बीडी 0963) के कांच और हेडलाइट तोड़ दिए तथा गेट पर डंडे मारे। यह पूरा घटनाक्रम CCTV में कैद हुआ है, जिसे पुलिस ने साक्ष्य बतौर लिया है।
बताया फरियादी ने यह
फरियादी गुरनानी का कहना है कि विवाद समाज के व्हाट्सएप ग्रुप में की गई टिप्पणी को लेकर शुरू हुआ। उनके मुताबिक चार दिन पूर्व 16 फरवरी को उन्होंने ग्रुप में अध्यक्ष राधाकिशन सतवानी को कुछ शब्दों के प्रयोग को लेकर आपत्ति दर्ज कराई थी। आरोप है कि इसी बात से नाराज होकर बुधवार रात को आरोपी साथियों के साथ घर पहुंचे और धमकी दी कि भविष्य में ग्रुप में उनके पिता के खिलाफ कुछ लिखा तो जान से मार देंगे। पीड़ित ने घटना का सीसीटीवी फुटेज भी पुलिस को सौंपा है।
चार के खिलाफ किया प्रकरण दर्ज
पुलिस ने सिंधी समाज के अध्यक्ष सतवानी के बेटे गौरव सतवानी निवासी देवरा देव नारायण कॉलोनी, भतीजे नीरज सतवानी पिता ठाकुरदास निवासी इंद्रानगर, अमित वोहरा और कार्तिक सैनी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 296(बी), 324(4), 351(3) और 3(5) के तहत प्रकरण दर्ज किया है।
Hemant Bhatt