रक्षाबंधन उत्सव शनिवार को, भद्रा का नहीं रहेगा बंधन
⚫ सुबह से शाम तक श्रेष्ठ मुहूर्त में बांध सकेंगे भाई की कलाई पर राखी
⚫ सर्व ब्राह्मण समाज के बैनर तले श्री त्रिवेदी मेवाड़ा ब्राह्मण समाज के श्री नागेश्वर एकलिंग नाथ महादेव मंदिर गंगा आश्रम में होगा श्रावणी उपाकर्म
हरमुद्दा
रतलाम, 8 अगस्त। भाई-बहन के प्रेम का पर्व रक्षा बंधन इस बार 09 अगस्त शनिवार को है। इस बार रक्षा बंधन पर भद्रा का साया नहीं होने के कारण पूरा दिन रक्षाबंधन पर्व मनाने के लिए उत्तम रहने वाला है। श्रेष्ठ मुहूर्त में बहने भाई की कलाई पर सुबह से रात तक रक्षा सूत्र बांध सकेंगी। सर्व ब्राह्मण समाज के बैनर तले श्री त्रिवेदी मेवाडा ब्राह्मण समाज के नागेश्वर एकलिंगनाथ महादेव मंदिर पर गंगा आश्रम पर श्रावणी उपकर्म का आयोजन होगा।
पंडित शैलेंद्र दुर्गा शंकर ओझा ने हरमुद्दा से चर्चा में बताया कि इस बार रक्षाबंधन पर भद्रा का कोई असर नहीं है। इसलिए सुबह से शाम और रात तक बहने अपने भाई की कलाई को रक्षा सूत्र से सजा सकेगी। उत्सव के तहत पहले घर के वरिष्ठ जनों द्वारा देवता को रक्षा सूत्र बांधा जाएगा। घर की राखी होगी। तत्पश्चात घर परिवार और समाज की परंपरा के अनुसार रक्षा बंधन उत्सव मनाया जाएगा। पंडित ओझा ने बताया कि शनिवार को सुबह 7:30 से 9:00 तक शुभ का चौघड़िया रहेगा। तत्पश्चात 12 से 4:30 बजे तक चल, लाभ और अमृत के चौघड़िया में रक्षा सूत्र बांध सकेंगे। इसके पश्चात शाम को 6 से 7:30 बजे तक लाभ में और रात 9 बजे से रात की 1:30 बजे तक शुभ, अमृत और चल के शुभ मुहूर्त में रक्षा सूत्र बांध सकेंगे।

गंगा आश्रम पर श्रावणी उपाकर्म शनिवार सुबह 7 बजे से
सर्व ब्राह्मण समाज रतलाम के तत्वावधान में सामूहिक श्रावणी उपाकर्म का आयोजन 9 अगस्त को होगा। श्री त्रिवेदी मेवाड़ा ब्राह्मण समाज के श्री नागेश्वर एकलिंग नाथ महादेव मंदिर गंगा आश्रम, चम्पाविहार के पास, सागोद रोड, रतलाम पर पंडित चन्द्रशेखर जोशी के सान्निध्य में होगा।
पूजन सामग्री मिलेगी निशुल्क
कार्यक्रम संयोजक पुष्पेंद्र जोशी ने बताया कि रक्षाबंधन 9 अगस्त प्रातः 7 बजे से हेमाद्री, दशविध स्नान, प्रायश्चित, तर्पण, जनेऊ परिवर्तन के बाद हवन के साथ श्रावणी उपाकर्म होगा। सभी महानुभाव अपने साथ पूजापात्र, आचमनी, तर्बाना, पंचपात्र, आसन, धोती, टावेल लाएं। शेष सभी पूजा सामग्री निशुल्क उपलब्ध रहेगी।
श्रावणी उपकर्म में शामिल होने का आह्वान
ब्राह्मण समाज के पं. बंसीलाल शर्मा, पातीराम शर्मा, अनिल भट्ट, सुशील नागर, कृष्ण गोपाल आचार्य, मधुसूदन पंड्या, भूषण बर्वे, वीरेंद्र कुलकर्णी, दिलीप व्यास, सुरेश जोशी, बृजेंद्र मेहता, सत्यदीप भट्ट, महेंद्र व्यास, अमर सारस्वत, शरद शुक्ला, विजय शर्मा, चेतन शर्मा, जगदीश उपाध्याय, डॉ. आई पी त्रिवेदी, जितेन्द्र कौशिक, एवं सभी ब्राह्मण संगठनो ने ब्राह्मण समाज के अतिरिक्त भी सभी जनेऊधारी बंधु एवं जनेऊधारी बच्चों से कार्यक्रम में शामिल होने का आह्वान किया है।
Hemant Bhatt