सेहत सरोकार : जिला चिकित्सालय में 70 वर्ष की वृद्धा के कूल्हे की हड्डी का हुआ जटिल ऑपरेशन 

सेहत सरोकार : जिला चिकित्सालय में 70 वर्ष की वृद्धा के कूल्हे की हड्डी का हुआ जटिल ऑपरेशन 

गरीब, असहाय मरीज़ का गंभीर हालत में चिकित्सक के प्रयास से हुई ब्लड की व्यवस्था 

⚫ आयुष्मान भारत योजना का मिला लाभ 

हरमुद्दा
रतलाम,  25 जुलाई। जिला चिकित्सालय में 70 वर्षीय वृद्धा के कूल्हे की हड्डी का जटिल ऑपरेशन किया गया। गरीब, असहाय वृद्धा के लिए ब्लड का भी इंतजाम किया गया। इसके साथ ही आयुष्मान योजना का लाभ उसे मिला।

सिविल सर्जन डॉक्टर एम एस सागर ने बताया कि ट्रामा सेंटर जिला चिकित्सालय रतलाम के डॉक्टर भरत निनामा ने मानव सेवा, संवेदनशीलता एवं उपचार की अनूठी मिसाल पेश की। हीरा बाई पति उदिया उम्र 70 निवासी ग्राम बोरदा, तहसील सैलाना  रतलाम की घर में गिरने से गंभीर हालत में जिला चिकित्सालय में आई थी।

जांच में पता चला टूट गई कूल्हे की हड्डी

जाँच में पता चला कि हीरा बाई के दाये कूल्हे की हड्डी टूट गई है,  जिसमें ऑपरेशन आवश्यक है । खून की जांच करने पर मरीज का हीमोग्लोबिन केवल 6 ग्राम पाया गया।  जिसमें बड़े ऑपरेशन में जोखिम रहता है।

2 दिन में भी परिजन नहीं कर पाए ब्लड का इंतजाम

परिजनों ने अपने स्तर पर खून की व्यवस्था का प्रयास किया लेकिन 2 दिन तक इंतज़ार के बाद भी कोई परिजन खून देने नहीं आया, तब डॉ. निनामा ने परिवार की स्थिति को समझते हुए ब्लड बैंक में बात करके मित्रों से तीन यूनिट ब्लड की व्यवस्था करवाई तब हीरा बाई ऑपरेशन के लिए फिट हुईं। मरीज की उम्र ज्यादा, ब्लड प्रेशर ज्यादा एवं बड़ा ऑपरेशन होने के कारण ऑपरेशन करना गंभीर एवं जटिल था , लेकिन अनुभवी एनस्थेटिस्ट डॉ. महेश मौर्य ने जोखिम भरे ऑपरेशन के लिए एनस्थीसिया दिया एवं ऑपरेशन हुआ। 

यह थे सर्जरी की टीम में शामिल

सर्जरी टीम में डॉ. निनामा, डॉ. अभिनव जैन, डॉ. अभिनव अमन एनस्थीसिया के वरिष्ठ डॉ. महेश मौर्य, डॉ. किंशुक जायसवाल एवं ओ टी स्टॉफ का सराहनीय योगदान रहा।

अब फिट है हीराबाई

ऑपरेशन के बाद हीरा बाई  स्वस्थ एवं फिट है। इनके परिजनों ने  सभी डॉक्टर्स, नर्सिंग स्टॉफ, ओ टी स्टॉफ का सहयोग, सफल ऑपरेशन एवं सेवा के लिए बहुत - बहुत आभार एवं धन्यवाद दिया।