भीषण सड़क हादसा: ट्रक में घुसी तेज रफ्तार कार; सरपंच और हेड कांस्टेबल पत्नी समेत 4 की मौत

भीषण सड़क हादसा: ट्रक में घुसी तेज रफ्तार कार; सरपंच और हेड कांस्टेबल पत्नी समेत 4 की मौत

युवती को परीक्षा दिलाने के लिए ले जा रहे थे सभी

⚫ जिसे परीक्षा दिलाने ले जा रहे थे उसकी सीपीआर से सांस लौटी 

हरमुद्दा
​उमरिया, 9 जुलाई। नेशनल हाईवे-43 (NH-43) पर बुधवार और गुरुवार की दरमियानी रात एक तेज रफ्तार अर्टिगा कार आगे चल रहे ट्रक में जा घुसी। इस भीषण टक्कर में कार के परखच्चे उड़ गए और एक मासूम बच्चे समेत चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। वहीं, एक युवती को डॉक्टरों द्वारा समय पर दिए गए सीपीआर की वजह से नई जिंदगी मिल गई है।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है। इस हृदयविदारक घटना के बाद से अनूपपुर के लीला गांव में मातम पसरा हुआ है।

​परीक्षा दिलाने चित्रकूट जा रहा था परिवार

​पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पीड़ित परिवार अनूपपुर जिले के लीला गांव का रहने वाला था। परिवार के छह सदस्य अर्टिगा कार (नंबर MP-18 ZE-9677) में सवार होकर 22 वर्षीय युवती खुशबू मार्को को परीक्षा दिलाने के लिए चित्रकूट जा रहे थे।

बेकाबू हुई कार

​कोतवाली थाना क्षेत्र की सिविल लाइन चौकी के अंतर्गत भरौला के पास सिद्ध बाबा क्षेत्र में कार अचानक बेकाबू हो गई और आगे जा रहे एक ट्रक में पीछे से बेहद तेज रफ्तार में जा घुसी। टक्कर इतनी भयानक थी कि चार ने दम तोड़ दिया।

​मृतकों में सरपंच और हेड कांस्टेबल पत्नी भी शामिल

​अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आलोक शर्मा के मुताबिक, इस हादसे में जान गंवाने वालों में अनूपपुर के लीला गांव के सरपंच और पुलिस विभाग की महिला कर्मी शामिल हैं। मृतकों की पहचान इस प्रकार हुई है।

⚫ ​​कुलपत सिंह (उम्र 37 वर्ष) - सरपंच, लीला गांव

⚫ ​सविता सिंह मार्को (उम्र 32 वर्ष) - हेड कांस्टेबल (सरपंच कुलपत सिंह की पत्नी)

⚫ ​प्रियंका सिंह

⚫ ​रुद्र प्रताप (उम्र 3 वर्ष) - मासूम बच्चा

​डॉक्टरों के चमत्कार से लौटी युवती की सांसें, जबलपुर रेफर

​इस हादसे में 22 वर्षीय खुशबू मार्को भी गंभीर रूप से घायल हो गई थी, जिसकी परीक्षा के लिए पूरा परिवार निकला था। बताया जा रहा है कि दुर्घटना के बाद खुशबू की सांसें पूरी तरह थम चुकी थीं और उसे मृतप्राय मान लिया गया था। हालांकि, अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने सूझबूझ दिखाई और उसे तुरंत सीपीआर दिया। डॉक्टरों की इस कोशिश से चमत्कारिक रूप से युवती की सांसें वापस लौट आईं। खुशबू की गंभीर हालत को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए जबलपुर रेफर किया गया है।