रतलाम में भव्य 'पीली क्रांति' और तिरंगे के साथ निकली जयस की रैली:

रतलाम में भव्य 'पीली क्रांति' और तिरंगे के साथ निकली जयस की रैली:

⚫ भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर उमड़ा जनसैलाब

हरमुद्दा
​रतलाम, 15 नवंबर। धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा जी की जयंती के पावन अवसर पर रतलाम जिले में जय आदिवासी युवा शक्ति (जयस) संगठन के जिला अध्यक्ष दीपक निनामा के नेतृत्व में एक भव्य एवं ऐतिहासिक रैली का आयोजन किया गया। हाथ में तिरंगा और 'पीली क्रांति' के प्रतीक पीले वस्त्रों व साफे के साथ निकली इस रैली ने पूरे शहर में आदिवासी एकता और संस्कृति का अनूठा संदेश दिया।


​पारंपरिक संस्कृति और उत्साह का अद्भुत संगम

रैली की शुरुआत में भारी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ताओं, युवाओं और समाजजनों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। आदिवासी समाज की पारंपरिक वेशभूषा, संस्कृति और मांदल की थाप पर थिरकते कदमों ने इस आयोजन को विशेष आकर्षण प्रदान किया। पारंपरिक नृत्य और ढोल-मांदल की गूंज ने पूरे वातावरण को आदिवासी संस्कृति के रंगों से सराबोर कर दिया।

इन प्रमुख हस्तियों की रही गरिमामयी उपस्थिति

इस भव्य आयोजन में जयस संगठन के कई दिग्गज नेता और पदाधिकारी उपस्थित रहे, जिसमें प्रदेश संरक्षक: डॉ. अभय ओहरी
​विशेष अतिथि, कमलेश्वर डोडियार (विधायक, सैलाना), ध्यान वीर डामोर, रतलाम संरक्षक कालू बारोड़, महासचिव भूरालाल मईडा, प्रवक्ता कचरू डाबी, ग्रामीण अध्यक्ष राजकुमार डामोर, ग्रामीण मंत्री गोपाल पलासिया, किशन सिंघाड़, महेश डोडियार, गोपाल निनामा, विजय भूरिया, दिनेश माल सहित अनेक समर्पित कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे।

इन संदेशों के साथ गूंजा जनजागरूकता का नारा

रैली के दौरान युवाओं और कार्यकर्ताओं के हाथों में तख्तियां थीं, जिन पर समाज के विकास से जुड़े अहम संदेश लिखे हुए थे। रैली के माध्यम से मुख्य रूप से शिक्षा का प्रसार, सामाजिक एकता रोजगार के अवसर, नशामुक्त समाज का निर्माण के मुद्दों पर जन जागरूकता फैलाई गई।

भगवान बिरसा मुंडा को किया गया नमन

रैली का समापन भगवान बिरसा मुंडा जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ हुआ। सभी उपस्थित साथियों ने धरती आबा को नमन करते हुए उनके अदम्य साहस, बलिदान तथा जल-जंगल-जमीन और आदिवासी समाज के अधिकारों के लिए किए गए उनके ऐतिहासिक संघर्ष को याद किया।
​"आइए, भगवान बिरसा मुंडा जी के विचारों को आत्मसात करें और शिक्षा, एकता, सामाजिक जागरूकता तथा एक सशक्त, नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लें।"