10वीं की नाबालिग छात्रा ने अस्पताल में दिया बच्चे को जन्म
⚫ पेट दर्द की शिकायत पर पहुंचे अस्पताल
⚫ सुनते ही परिजनों के पैरों तले खिसक गई जमीन
⚫ पुलिस ने शुरू की कार्रवाई
हरमुद्दा
देवास, 12 अगस्त। 10वीं कक्षा में पढ़ने वाली एक 15 वर्षीय नाबालिग छात्रा ने एक बेटे को जन्म दिया है। पेट दर्द की शिकायत के बाद अस्पताल पहुंचने पर खुलासा हुआ। घटना के सामने आने के बाद पीड़िता के परिजनों सहित पूरा इलाका गहरे सदमे में है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, नाबालिग छात्रा को अचानक असहनीय पेट दर्द की शिकायत हुई। जब परिजन उसे इलाज के लिए आनन-फानन में देवास के जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, तो डॉक्टरों द्वारा की गई चिकित्सकीय जांच में उसके गर्भवती होने की पुष्टि हुई। इसके कुछ ही देर बाद छात्रा ने एक स्वस्थ बच्चे (बेटे) को जन्म दिया। इस घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों के पैरों तले जमीन खिसक गई। परिजनों का कहना है कि वे इस स्थिति से पूरी तरह अनजान थे।
स्कूल जाना कर दिया था बंद
बताया जा रहा है कि पीड़िता पिछले कुछ दिनों से स्कूल भी नहीं जा रही थी। हालांकि, परिजनों को उसकी स्थिति का अंदाजा नहीं हो सका था। डॉक्टरों के अनुसार, फिलहाल जच्चा और बच्चा दोनों सुरक्षित हैं और उन्हें चिकित्सकों की निगरानी में रखा गया है।
पुलिस एक्शन में, एफआईआर दर्ज
अस्पताल प्रबंधन द्वारा सूचना दिए जाने के तुरंत बाद देवास का कोतवाली पुलिस थाना एक्शन में आया। पुलिस टीम ने अस्पताल पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और पीड़िता के बयानों के आधार पर संबंधित कानूनी धाराओं के तहत मामला (FIR) दर्ज कर ली है।
आरोपी की तलाश जारी
पुलिस ने आरोपी युवक की पहचान कर उसकी गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए हैं। थाना पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और आरोपी को जल्द ही हिरासत में लेकर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Hemant Bhatt