रतलाम में सर्राफा व्यापारी ने होटल में की आत्महत्या
रतलाम में सर्राफा व्यापारी ने होटल में की आत्महत्या
⚫ उल्टी से खराब हुआ सुसाइड नोट
⚫ पुलिस जांच में जुटी
हरमुद्दा
रतलाम, 12 अगस्त। धामनोद रोड स्थित होटल प्रेम वाटिका में एक सर्राफा व्यापारी द्वारा आत्महत्या किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मृतक की पहचान रवि मोठिया के रूप में हुई है, जो मंगलवार शाम से घर से लापता थे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक (FSL) टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।

घर नहीं पहुंचने पर हुई तलाश, होटल के बाहर मिला वाहन
पारिवारिक सूत्रों के अनुसार, चांदनी चौक में महावीर ज्वेलर्स दुकान के संचालक रवि मोठिया (45) पिता दिलीप मोठिया मंगलवार शाम को अपने घर से निकले थे। देर रात तक वापस न लौटने पर परिजनों ने उनकी खोजबीन शुरू की। तलाश के दौरान धामनोद रोड पर होटल प्रेम वाटिका के बाहर उनका वाहन खड़ा दिखाई दिया। इसके बाद जब होटल के संबंधित कमरे की जांच की गई, तो वह अंदर से बंद पाया गया। परिजनों और होटल स्टाफ की मदद से कमरे का दरवाजा किसी तरह तोड़ा गया, जहां का दृश्य देखकर सभी दंग रह गए। रवि मोठिया संदिग्ध परिस्थितियों में मृत पड़े थे।
वरिष्ठ अधिकारी पहुंचे मौके पर, सुसाइड नोट मिला
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। FSL अधिकारी डॉ. अतुल मित्तल और सैलाना थाना प्रभारी पिंकी आकाश पुलिस बल के साथ तुरंत घटना स्थल पर पहुंचे और साक्ष्य जुटाए। कमरे से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है, लेकिन मृतक को उल्टी होने के कारण सुसाइड नोट पर दाग लग गए हैं और अक्षर स्पष्ट नजर नहीं आ रहे हैं। पुलिस का कहना है कि सुसाइड नोट को फोरेंसिक लेब भेजकर उसे पढ़ने और मामले की मुख्य वजह का पता लगाने का प्रयास किया जाएगा।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
घटनास्थल की प्राथमिक जांच के बाद शव को तत्काल रतलाम मेडिकल कॉलेज भेजा गया, जहां बुधवार को पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। रवि मोठिया के परिवार में उनके वृद्ध माता-पिता, पत्नी और दो मासूम बच्चियां हैं। इस दुखद घटना के बाद से ही परिवार में कोहराम मचा हुआ है और सर्राफा बाजार में शोक की लहर फैल गई है। व्यापारी ने यह आत्मघाती कदम क्यों उठाया, फिलहाल इसके कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है।
Hemant Bhatt