आक्रोश : भेरुजी का ओटला तोड़ने पर मालिक सहित अन्य के खिलाफ प्रकरण दर्ज
⚫ आक्रोशित बजरंग दल और भाजपा नेताओं ने दिया धरना
⚫ 2 दिन के अल्टी मेटम के बाद धरना हुआ समाप्त
हरमुद्दा
रतलाम, 12 जनवरी। सैलाना रोड पर कोमल नगर में स्थित प्रिन्स होटल के मालिक द्वारा होटल के सामने स्थित भेरुजी का ओटला तोड़ने पर जमकर बवाल हुआ। ओटला तोड़ने के विरोध में बजरंग दल और भाजपा के नेता आक्रोशित होकर धरने पर बैठ गए। प्रिन्स होटल के मालिक के विरुद्ध आपराधिक प्रकरण दर्ज करने और ओटले का निर्माण फिर से प्रारंभ किए जाने पर धरना समाप्त हुआ। प्रदर्शनकारियों ने अन्य आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस प्रशासन को दो दिन का अल्टीमेटम दिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार मुखर्जी नगर निवासी गौसेवक गजेन्द्र सिंह सक्तावत को सोमवार सुबह प्रोफेसर कालोनी, कोमल नगर में भेरुजी का ओटला तोडे जाने की सूचना मिली थी। जब गजेन्द्र सिंह मौके पर पंहुचे तो उन्होने वहा भेरुजी का ओटला टूटा हुआ पाया। आसपास के सीसीटीवी फुटेज चैक करने पर पता चला कि रात को प्रिन्स होटल के मालिक सुभाष सिंह ने अपने साथ कुछ व्यक्तियों को लेकर भेरु जी का ओटला तोड़ा था।
काफी संख्या में पहुंचे कार्यकर्ता
मन्दिर क्षतिग्रस्त किए जाने की खबर फैलते ही मौके पर बडी संख्या में बजरंग दल के कार्यकर्ता पंहुच गए और आरोपियों के विरुद्ध कार्यवाही की मांग को लेकर नारेबाजी करते हुए धरने पर बैठ गए। विरोध प्रदर्शन की जानकारी मिलने पर क्षेत्रीय पार्षद पप्पू पुरोहित और भाजपा के वरिष्ठ नेता बजरंग पुरोहित भी मौके पर पंहुच गए और विरोध प्रदर्शन में शामिल हो गए।
पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी पहुंचे मौके पर
कोमल नगर में बवाल की सूचना मिलने पर डीएसपी अजय सारवान, औद्योगिक क्षेत्र थाना प्रभारी टीआई सत्येन्द्र रघुवंशी, डीडीनगर टीआई अनुराग यादव, निगम आयुक्त अनिल भाना और तहसीलदार ऋषभ ठाकुर भी मौके पर पंहुचे। अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से चर्चा की और उन्हे आरोपियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने का भरोसा दिलाया।
मालिक सहित अन्य के खिलाफ प्रकरण दर्ज
पुलिस थाना औद्योगिक क्षेत्र पर गजेन्द्र सिंह की रिपोर्ट पर प्रिन्स होटल के मालिक सुभाष सिंह और अज्ञात व्यक्तियों के विरुद्ध बीएनएस की धारा 298 और 3(5) के तहत आपराधिक प्रकरण दर्ज किया गया है।
स्थान फिर से बनाने का कार्य शुरू
प्रदर्शनकारियों की मांग पर क्षतिग्रस्त भेरुजी के ओटले को फिर से बनाने का काम भी शुरू कर दिया गया है। प्रदर्शनकारियों की मांगे पूरी होने पर प्रदर्शन समाप्त कर दिया गया। हांलाकि प्रदर्शनकारियों ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दो दिन का अल्टीमेटम पुलिस प्रशासन को दिया है।
Hemant Bhatt