मॉडल की मौत : खुशबू को कथित प्रेमी कासिम अस्पताल में छोड़ हो गया फरार

मॉडल की मौत : खुशबू को कथित प्रेमी कासिम अस्पताल में छोड़ हो गया फरार

डॉक्टर ने पुलिस को सूचना

⚫ परिजनों का कहना हुई हत्या

⚫ पुलिस विभिन्न एंगल से कर जांच

हरमुद्दा
भोपाल, 10 नवंबर। सोमवार को अस्पताल में मॉडल की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। सोमवार सुबह उसे कथित प्रेमी द्वारा इंदौर रोड स्थित भैंसाखेड़ी के एक निजी अस्पताल में छोड़ा गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस अस्पताल पहुंची, शव को कब्जे में लिया और मामले की जांच शुरू कर दी। लव जिहाद के एंगल को भी देखा जा रहा है, क्योंकि आरोपी कासिम ने मृतका से राहुल बनकर मुलाकात की थी।

मृतका की पहचान खुशबू अहिरवार उर्फ खुशी वर्मा के रूप में हुई है, जो भोपाल में रहकर मॉडलिंग करती थी। सोशल मीडिया पर भी वह सक्रिय थी और ‘डायमंड गर्ल’ नाम से इंस्टाग्राम पर उसके हजारों फॉलोअर्स थे। खुशबू पिछले तीन साल से भोपाल में रह रही थी, कॉलेज प्रथम वर्ष के बाद पढ़ाई छोड़ दी थी और मॉडलिंग के साथ-साथ पार्ट टाइम काम भी करती थी।

परिजनों ने कहा हुई हत्या

परिवार ने खुशबू की मौत को हत्या बताया है। उसकी मां लक्ष्मी अहिरवार का आरोप है कि खुशबू को बेरहमी से पीटा गया। उन्होंने कहा कि उसके चेहरे पर सूजन थी और कंधों तथा शरीर के प्रायवेट पार्ट पर गंभीर चोटों के निशान थे। मां का कहना है, “हमारी बेटी की बेरहमी से हत्या की गई है। हमें इंसाफ चाहिए और आरोपी को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए।”

...और कासिम हो गया फरार

पुलिस के अनुसार, खुशबू कासिम नाम के युवक के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में थी। तबीयत खराब होने पर कासिम ही उसे अस्पताल लेकर पहुंचा था, लेकिन डॉक्टरों द्वारा मृत घोषित किए जाने से पहले ही वह वहां से फरार हो गया। पुलिस अब आरोपी कासिम की तलाश कर रही है और उससे पूछताछ के बाद ही मामले में आगे की स्थिति साफ हो सकेगी।

मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में कराया पोस्टमार्टम

गांधी मेडिकल कॉलेज में मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में शव का पोस्टमार्टम कराया गया, ताकि मृत्यु के कारणों की पुष्टि हो सके। 
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि यह हत्या का मामला है या मौत की कोई और वजह है।