पुलिस की दबंगई : एसपी के आश्वासन को विश्वासघात में बदला मातहतों ने, दोबारा एसपी के पास गए तो छोड़ेंगे नहीं
⚫ कार्रवाई की मांग को लेकर पीड़ित पक्ष पहुंचा था जनसुनवाई में पुलिस अधीक्षक के पास
⚫ परिजनों ने एसपी को सौंपे सीसीटीवी फुटेज
⚫ आरोपियों ने तो गर्भवती के पेट पर भी किया हमला
⚫ जानलेवा हमले के बाद दहशत गर्द पहुंचे घायल के भाई को धमकाने
हरमुद्दा
रतलाम, 30 सितंबर। मंगलवार को पीड़ित पक्ष के लोग पुलिस अधीक्षक से मिलने पहुंचे और मय सबूत के कार्रवाई की मांग की गई। पुलिस अधीक्षक ने पीड़ित पक्ष को आश्वासन दिया की कार्रवाई होगी मगर पुलिस अधीक्षक के मातहतों ने ही विश्वास घात कर दिया। पुलिस की दबंगई देखो जिन्होंने एसपी को जनसुनवाई में आवेदन दिया, उन्हीं को सलाखों के पीछे धकेल दिया। इतना ही नहीं छोड़ते वक्त धमकाया कि अगली बार सपा के पास पहुंचे तो छोड़ेंगे नहीं।
बता दें कि 27 सितंबर 2025 को औद्योगिक थाना अंतर्गत बरबड़ क्षेत्र में रंजिश को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर विवाद हुआ था। इसमें एक आरोपी पक्ष कान्हा पिता पूनमचंद जाट निवासी बरबड़ रोड, चंदाबाई जाट और दिव्या जाट सहित अन्य आरोपियों ने अभय जाट की दुकान पर पहुंचकर पहले विवाद शुरू किया। अभय जाट का बुआ का लडक़ा मनीष जाट सामने ही चाय की दुकान संचालित करता है। विवाद बढ़ता देख जब वह बीच-बचाव करने पहुंचा तो आरोपियों ने उसके सिर पर तलवार और फावड़े से जानलेवा हमला कर दिया। इस दौरान अभय जाट की गर्भवती बहन भूमिका पति कमलेश जाट मौके पर पहुंची तो आरोपियों ने उसके साथ मारपीट करते हुए पेट पर लाते मारना शुरू कर दिया। विवाद बढ़ने के दौरान आसपास के रहवासियों और राहगीरों ने बीच-बचाव किया।
पीड़ित पक्ष की ओर से मामूली धारा में प्रकरण दर्ज किया औद्योगिक थाना पुलिस ने
औद्योगिक थाने पर मामले में पक्षपातपूर्ण कार्रवाई कुछ ऐसी हुई कि पीड़ित पक्ष की ओर से मामूली धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई से इतिश्री कर ली गई, जबकि आरोपी पक्ष की ओर से अतिरिक्त धाराओं में पीडि़त पक्ष के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया।
घायल के बयान लेने तक नहीं पहुंची पुलिस

तीन दिन पूर्व विवाद में गंभीर घायल मनीष जाट वर्तमान में मेडिकल कॉलेज में भर्ती हैं। इनके साथ ही गर्भवती महिला भूमिका पति कमलेश जाट भी भर्ती है। लेकिन औद्योगिक क्षेत्र के पुलिसकर्मियों द्वारा अब तक मामले में भर्ती घायल भाई-बहनों के बयान लेना तक मुनासिब नहीं समझा। इधर आरोपी कान्हा पिता पूनमचंद जाट की तरफ से पीड़ित पक्ष को धमकाने के लिए बदमाश क्षेत्र में दहशत का माहौल निर्मित कर रहे हैं।
सोमवार को फिर पहुंचे धमकाने जिसका सीसीटीवी फुटेज दिया पुलिस अधीक्षक को जनसुनवाई में

सोमवार शाम को हमले में घायल मनीष जाट के भाई को धमकाने एक बदमाश पहुंचा। उक्त बदमाश के धमकाने और चाकू लहराने का सीसीटीवी मंगलवार को पीड़ित पक्ष ने जनसुनवाई में एसपी कुमार को शिकायत के साथ पेश भी किया।
औद्योगिक थाना क्षेत्र के पुलिसकर्मियों ने पुलिस अधीक्षक के निर्देश उड़ाए हवा में
एसपी से मिलने के बाद पुलिसकर्मियों की दादागिरी
पीड़ित पक्ष की ओर से अभय जाट ने बताया कि मंगलवार को पूरे मामले में वरिष्ठ अधिकारी एसपी अमित कुमार के पास जनसुनवाई में शिकायत करने हम पहुंचे थे। एसपी कुमार ने शिकायत और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर औद्योगिक थाने पर आरोपियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई के निर्देश हमारे सामने जारी भी किए थे। एसपी कुमार के आश्वासन मिलने के बाद अभय अपने भाई राजेश जाट के साथ बरवड़ रोड स्थित घर पहुंचा ही था कि कुछ ही मिनटों में उनके घर पुलिसकर्मी दो पहिया वाहन से पहुंचे और पुलिस अधीक्षक के आश्वासन को विश्वासघात में बदलते हुए शिकायत करने वालों को बदमाशों की तरह उठाकर थाने ले गए।
गाली गलौज करते हुए कर दिया था लॉक अपने बंद
थाने ले जाने के बाद दोनों से बातचीत किए बगैर गाली-गलौच करते हुए लॉकअप में बंद कर दिया। काफी देर तक दोनों पीड़ित युवकों ने काफी मान-मनुहार की। इसके बाद उन्हें लॉकअप से यह धमकी देते हुए पुलिसकर्मियों ने बाहर निकाला कि अब दोबारा एसपी के पास गए तो तुम्हें छोड़ेंगे नहीं।
Hemant Bhatt