बारिश अलर्ट : रतलाम, उज्जैन, नीमच, मंदसौर, भोपाल, ग्वालियर सहित अन्य जिलों में भारी बारिश का अलर्ट, तीन टर्फ का असर

बारिश अलर्ट : रतलाम, उज्जैन, नीमच, मंदसौर, भोपाल, ग्वालियर सहित अन्य जिलों में भारी बारिश का अलर्ट, तीन टर्फ का असर

प्रदेश के 10 जिलों में अति भारी बारिश का अलर्ट

⚫ 35 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

⚫ अब तक पूर्वी मध्य प्रदेश में ज्यादा बारिश

हरमुद्दा
शनिवार, 12 जुलाई। मध्यप्रदेश में लगातार हो रही बारिश से जन जीवन प्रभावित हो रहा है। मौसम विभाग ने शनिवार को मध्य प्रदेश के 10 जिलों में अति भारी और 35 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। प्रदेश में पिछले एक सप्ताह से तेज बारिश का दौर जारी है। इस मानसूनी सीजन में अब तक करीब 16 इंच बारिश हो चुकी है। पूर्वी हिस्से में सबसे ज्यादा असर है।

मौसम विभाग ने शनिवार के लिए 10 जिलों में अति भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इनमें छतरपुर, दमोह, सागर, कटनी, जबलपुर, रायसेन, नरसिंहपुर, सिवनी, छिंदवाड़ा और नर्मदापुरम जिले शामिल हैं। यहां 24 घंटे में 8 इंच तक पानी गिर सकता है।

बारिश का येलो अलर्ट इन जिलों पर

मौसम विभाग ने भोपाल, ग्वालियर, उज्जैन, नीमच, मंदसौर, रतलाम, आगर-मालवा, राजगढ़, देवास, शाजापुर, विदिशा, सीहोर, हरदा, बैतूल, पांढुर्णा, गुना, अशोकनगर, शिवपुरी, श्योपुर, मुरैना, भिंड, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़, पन्ना, सतना, रीवा, मऊगंज, मैहर, उमरिया, शहडोल, अनूपपुर, डिंडौरी, मंडला और बालाघाट में भारी बारिश होने की चेतावनी देते हुए येलो अलर्ट जारी किया है। 

मध्य प्रदेश में  3 टर्फ का असर

मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार प्रदेश में 3 टर्फ का असर है। इनमें एक मानसून टर्फ है। इस वजह से अति भारी और भारी बारिश का दौर बना हुआ है। अगले चार से पांच दिन तक ऐसा ही मौसम रहेगा।

यहां पर बाढ़ जैसे बने हालात

शुक्रवार को सिवनी, छतरपुर, उमरिया, सतना, कटनी समेत कई जिलों में बाढ़ जैसे हालात रहे। सिवनी में 9 घंटे में ही साढ़े 6 इंच पानी गिर गया। 20 से ज्यादा जिलों में तेज बारिश हुई।