सामाजिक सरोकार : रतलाम में वरिष्ठ चिकित्सक दंपति ने निभाई सामाजिक समरसता, 17 सफाई कर्मियों का किया आत्मीय अभिनंदन

सामाजिक सरोकार : रतलाम में वरिष्ठ चिकित्सक दंपति ने निभाई सामाजिक समरसता, 17 सफाई कर्मियों का किया आत्मीय अभिनंदन

⚫ ​‘एक पंगत, एक संगत’ – आशीर्वाद नर्सिंग होम में सफाई मित्रों के सम्मान में आयोजित हुआ विशेष समारोह

⚫ शहर के लिए बना मिसाल

कर्मचारियों ने जताया आभार, रखी मन की बात

लगन शर्मा
​रतलाम, 20 जुलाई। समाज और स्वास्थ्य सेवाओं की रीढ़ कहे जाने वाले सफाई कर्मचारियों के अतुलनीय योगदान को रेखांकित करते हुए रतलाम स्थित आशीर्वाद नर्सिंग होम में एक अनोखा और प्रेरणादायक सम्मान समारोह आयोजित किया गया। 

नगर के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. जयंत सुभेदार एवं वरिष्ठ स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. पूर्णिमा सुभेदार द्वारा वार्ड क्रमांक 48 के स्वास्थ्य दरोगा सहित 17 सफाई कर्मचारियों को उनकी निष्ठा, सेवा और समर्पण के लिए सम्मानित किया गया।सोमवार सुबह अस्पताल परिसर में आयोजित इस अनौपचारिक अभिनंदन कार्यक्रम में डॉक्टर दंपति, उनकी टीम एवं अस्पताल स्टाफ ने मिलकर सफाई मित्रों का उत्साहवर्धन किया।

​प्रशस्ति पत्र, पुष्पगुच्छ और सम्मान राशि भेंट

सम्मान करते हुए डॉक्टर सुभेदार दम्पत्ति

कार्यक्रम में स्वास्थ्य दरोगा मुकेश खरे एवं सफाई कर्मी सर्वश्री पवन राजाराम, राजेश बालाराम, धर्मेन्द्र मनोहर, अनिल छगन, चंचल बसंतीलाल, विकास पप्पू, धीरज भाई, मुकेश गोवर्धन तथा श्रीमती छम्मो बाई मूलचंद, लीलाबाई प्रकाश, किरण आनंद, सुनीता मुकेश, सुनीता मनोज, रूपा बाई धर्मेंद्र, कौशल्या बाई राजू, निर्मला बाई नवीन और नीरुबाई मुकेश को उनकी उत्कृष्ट सेवाओं के लिए सम्मानित किया गया। डॉ. सुभेदार दंपति ने सभी कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र, पुष्पगुच्छ एवं सम्मान राशि भेंट की।

​चिकित्सकों का संदेश

 कर्मचारियों के सकारात्मक सहयोग की सराहना करते हुए डॉक्टर सुभेदार

"स्वास्थ्य और स्वच्छता बनाए रखने में इन कर्मियों का योगदान अतुलनीय है। इनकी निरंतर सेवा और समर्पण के बल पर ही हमारा समाज और वातावरण स्वस्थ रहता है।"

⚫ ​डॉ. जयंत सुभेदार

 मन के भाव व्यक्त करते हुए डॉक्टर सुभेदार

"सफाई कर्मियों द्वारा किया जा रहा कार्य केवल एक काम नहीं, बल्कि नगर और देश के हित में की जा रही उत्कृष्ट और अनुकरणीय राष्ट्रसेवा है।"

⚫ ​डॉ. पूर्णिमा सुभेदार

एक पंगत-एक संगत: संवेदनशीलता की मिसाल

सम्मानित सफाई कर्मचारियों के साथ आहार लेते हुए डॉक्टर सुभेदार

समारोह का सबसे भावुक और प्रभावी क्षण वह रहा जब नगर के वरिष्ठ चिकित्सकों ने बिना किसी भेदभाव के सभी सफाई कर्मचारियों के साथ बैठकर 'एक पंगत, एक संगत' के भाव से भोजन किया। अस्पताल में मौजूद मरीजों के परिजनों और आगंतुकों ने डॉक्टर दंपति के इस संवेदनशील आचरण की भूरी-भूरी प्रशंसा की। लोगों का कहना था कि वरिष्ठ डॉक्टरों का सफाई कर्मियों के साथ इस तरह बैठकर भोजन करना सामाजिक समरसता का एक दुर्लभ और बिरला उदाहरण है।

​कर्मचारियों ने जताया आभार, रखी मन की बात

विचार व्यक्त करते हुए कर्मचारी

सम्मान पाकर गदगद हुए सफाई एवं स्वास्थ्य कर्मियों ने अस्पताल प्रबंधन एवं चिकित्सकों का हृदय से आभार व्यक्त किया। इस दौरान कुछ कर्मचारियों ने अपनी पीड़ा साझा करते हुए बताया कि वे विगत 20 वर्षों से लगातार अपनी जिम्मेदारियां निभा रहे हैं, लेकिन अब तक उन्हें स्थायी नियुक्ति नहीं मिल सकी है। कर्मचारियों ने कहा कि चिकित्सकों द्वारा मिला यह संबल और सराहना उन्हें भविष्य में और अधिक ऊर्जा के साथ काम करने की प्रेरणा देगा।

फोटो : लगन शर्मा